गोरखपुर बार एसोसिएशन समारोह में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस इलाज की तैयारी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह में अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात देने का संकेत देते हुए कहा कि उनके लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का सामाजिक और न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए उनके कल्याण के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता केवल न्यायालय में पक्ष रखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज को सही कानूनी मार्गदर्शन देने और संविधान की भावना को मजबूत करने का दायित्व भी निभाते हैं। लोकतंत्र के तीनों स्तंभों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में भी अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश और समाज को कमजोर करने के लिए विभिन्न माध्यमों से भ्रम फैलाने और लोगों को बांटने की कोशिशें की जा रही हैं। ऐसे हालात में अधिवक्ताओं को जागरूक रहकर कानून और संविधान के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने विकास के हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीबों के कल्याण, स्वास्थ्य, आवास, खाद्यान्न और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी कानून व्यवस्था को मजबूत कर विकास का बेहतर माहौल तैयार किया गया है।
उन्होंने अधिवक्ता हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिवक्ता कल्याण निधि की राशि में वृद्धि की गई है, आर्थिक सहायता की व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा न्यायालयों के बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम हो रहा है। नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश में फोरेंसिक सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर बार एसोसिएशन की गौरवशाली परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि इस संस्था ने स्वतंत्रता आंदोलन, न्यायपालिका और सार्वजनिक जीवन को अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व दिए हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए न्याय, राष्ट्रहित और संविधान की मूल भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमापति उपाध्याय, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














