Breaking News

गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान की रूपरेखा पर मंथन

 







बलिया।। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जिराबस्ती में रविवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले "समरसता संकल्प अभियान" को लेकर जिला कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने की।


बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा समाज के सभी वर्गों तक समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समरसता दीप अभियान, कलश वंदन, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा एवं छात्रावास संपर्क अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की कार्ययोजना तैयार की गई।


जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, सेवा, भाईचारे और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।


कार्यक्रम में अभियान के संयोजक हिमांशु प्रताप सिंह 'मंटू' ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सभी कार्यकर्ताओं से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। जिला मंत्री आलोक सिंह 'मोनू' ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया, जबकि अंत में अभियान संयोजक हिमांशु प्रताप सिंह 'मंटू' ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


बैठक में जयप्रकाश साहू, विजय बहादुर सिंह, छट्ठू राम, गोरख पासवान, शशीप्रकाश चौरसिया, प्रदीप सिंह, कृष्णा पांडे, मंटू बिंद, आलोक सिंह, हिमांशु प्रताप सिंह, आलोक शुक्ला, संजीव कुमार 'डम्पू', योगेश सिंह, जयप्रकाश जायसवाल, नितेश मिश्रा, संजीव सिंह, अश्वनी सिंह, रीना राव, संतोष सिंह, भरत राय, उमाशंकर सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


बैठक के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने तथा समरसता संकल्प अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।