Breaking News

गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. अमरनाथ मिश्र की 100वीं जयंती

 





डॉ सुनील कुमार ओझा

दुबेछपरा (बलिया)।। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दुबेछपरा स्थित अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित अमरनाथ मिश्र की 100वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में स्थापित पंडित अमरनाथ मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा स्वतंत्रता संग्राम और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।

आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पंडित अमरनाथ मिश्र का जीवन त्याग, संघर्ष, राष्ट्रसेवा एवं समाजहित का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का प्रकाश फैलाने हेतु शिक्षण संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्राप्त हुआ।










गोष्ठी को महाविद्यालय की प्रबंधक विमला मिश्रा, पी.एन. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधांशु प्रकाश मिश्रा (बबलू मिश्र), श्री राम नारायण मिश्र, महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. गीता, श्री अयोध्या प्रसाद हिंद तथा श्री अक्षयवर नाथ ओझा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने नई पीढ़ी से पंडित अमरनाथ मिश्र के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित रमाशंकर मिश्र ने तथा संचालन डॉ. शिवेशा राय ने किया। इस अवसर पर गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में प्रबंधक विमला मिश्रा, प्राचार्य प्रो. गीता एवं प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में दोनों शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।