Breaking News

सोनबरसा में 100 शैय्या अस्पताल जल्द पूरा करने के निर्देश, डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की

 






डीएम की सख्ती: आशा के रिक्त पदों पर जल्द विज्ञापन, नवानगर की प्रगति पर मांगा स्पष्टीकरण

आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियमित बैठक के निर्देश, संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर


आयुष्मान भारत योजना में तेजी लाने के निर्देश, पात्र परिवारों को प्राथमिकता देने पर जोर

बलिया।। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सोनबरसा में निर्माणाधीन 100 शैय्या अस्पताल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए और इसकी अंतिम स्वीकृति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी बीपीओ को अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर नियमित रूप से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर शीघ्र विज्ञापन जारी करने तथा इसकी सूचना सीएमओ कार्यालय, कलेक्ट्रेट और विकास भवन में पंपलेट के माध्यम से प्रचारित करने को कहा। साथ ही आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिनके परिवार में अभी तक एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। विकास खंड नवानगर में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित एमओआईसी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।

 डीएम ने कहा कि आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ नियमित बैठकें कर उन्हें प्रेरित किया जाए ताकि अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो आशा अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रही हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्ति की प्रक्रिया अपनाई जाए। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि एमओआईसी और सीडीपीओ प्रत्येक माह ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित करें, जिसमें सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और आशा बहुएं अनिवार्य रूप से शामिल हों।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में बाहर की दवा न लिखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ईमानदारी से कार्य करें। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डॉक्टरों को अपने निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी स्टेट हाइवे, एनएच, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस, पूर्वांचन एक्सप्रेस आदि पर सूचना बोर्ड अवश्य लगाए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीएमओ एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।