Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया डिजिटल स्वगणना प्रपत्र भरने का आह्वान






गोरखपुर।। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेते हुए ऑनलाइन प्रपत्र भरा। मुख्यमंत्री ने स्वयं पोर्टल पर जाकर आवश्यक जानकारियां दर्ज कीं और प्रदेशवासियों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 मई तक चलने वाली यह स्वगणना प्रक्रिया देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनगणना को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे वास्तविक समय के आंकड़े प्राप्त हो सकेंगे। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को अधिक बेहतर ढंग से तैयार किया जा सकेगा।


उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की संख्या जानने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाएं पहुंचाने का मजबूत आधार भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास की धारा में समाज का अंतिम व्यक्ति भी बराबरी से सहभागी बने और योजनाओं का लाभ उसे समय पर मिले।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग डिजिटल स्वगणना प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि प्रदेश और देश के विकास के लिए सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हो सकें।


उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने 7 मई को लखनऊ से डिजिटल जनगणना के पहले चरण स्वगणना अभियान की शुरुआत की थी। अब प्रदेशभर में यह अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर रहे हैं।