Breaking News

पासपोर्ट कार्यालय का बड़ा फैसला: ‘मीट योर आरपीओ’ कार्यक्रम अस्थायी रूप से बंद

 





लखनऊ।। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जारी एक अहम सूचना में बताया गया है कि प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाला ‘मीट योर आरपीओ’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह व्यवस्था अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी, जिसके चलते बुधवार को आमजन के लिए किसी प्रकार की सीधी जनसुनवाई या पब्लिक डीलिंग नहीं होगी।


कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय प्रशासनिक कारणों से लिया गया है और इसका उद्देश्य कार्य व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। हालांकि, पासपोर्ट से संबंधित शिकायतों और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अन्य कार्यदिवसों में पूर्ववत जारी रहेगी।


नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपर्क करें। इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल, हेल्पलाइन और अन्य अधिकृत माध्यमों का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।


कार्यालय की ओर से यह भी कहा गया है कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, कार्यक्रम को पुनः शुरू करने के संबंध में सूचना जारी की जाएगी। तब तक आवेदकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि पासपोर्ट सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।