Breaking News

एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली एवं विचार गोष्ठी आयोजित

 






बलिया।। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–I एवं इकाई–II द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बसंतपुर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह शिविर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

जागरूकता रैली में एनएसएस के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े नारे और संदेश लिखी तख्तियां लेकर ग्रामीणों तथा सड़क पर आवागमन कर रहे राहगीरों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें – जीवन बचाएं” और “सावधानी ही सुरक्षा है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से बसंतपुर ग्राम के लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, अपायल में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. अजय कुमार चौबे ने की। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नीरज सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। गोष्ठी में अन्य अतिथियों के रूप में उपस्थित डॉ. विजय शंकर पाण्डेय, डॉ. अभिषेक मिश्र तथा डॉ. विनय ने भी उक्त विषय पर अपने विचारों को साझा किया।

कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया।