उद्योग बंधु बैठक में विकास कार्यों पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
बांसडीह-बैरिया में शौचालय निर्माण को हरी झंडी, अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश
इंडस्ट्रियल एरिया में सफाई और आरओ प्लांट की मांग, डीएम ने दिए निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। औद्योगिक क्षेत्र बनरही, बलिया में जल निकासी की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में डाली गई तकनीकी बिड में खामियां मिलने के कारण प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। नई बिड पूरी होने के बाद 15–20 दिनों के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही व्यापारियों ने इंडस्ट्रियल एरिया में नियमित साफ- सफाई और आरओ प्लांट स्थापित करने की मांग रखी।
वहीं एक व्यापारी ने शिकायत की कि उद्योग विभाग से भूमि मिलने और उद्योग स्थापित करने के बावजूद खतौनी में जमीन ‘बंजर’ दर्ज है, जिससे स्थानीय लोग आपत्ति करते हैं। इस पर डीएम ने उद्योग विभाग को अभिलेखों को तत्काल सही कराने के निर्देश दिए। ⁰वार्ड नंबर 10 में जगन्नाथ चौधरी की मूर्ति के पास सड़क पर बस के सहारे लटकते बिजली के तारों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और विद्युत विभाग को तुरंत सुधार करने के आदेश दिए। इसके अलावा मंडी तिराहे पर हाई वोल्टेज लाइट लगाने के निर्देश नगर पालिका और मंडी प्रशासन को दिए गए।
बैठक में बड़ी बाजार बांसडीह और नगर पंचायत बैरिया के रानीगंज पुल के पास शौचालय निर्माण की मांग भी उठी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से आवेदन निरस्त न किए जाएं, बल्कि आवेदकों की कमियों को बताकर उन्हें सुधारने में सहयोग करते हुए ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि नए उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसर बढ़ें। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।







