पत्रकारों को टोल टैक्स से छूट व बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की मांग
आजमगढ़।। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की आजमगढ़ इकाई द्वारा सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर देश के समस्त पंजीकृत पत्रकारों एवं समाचार पत्रों के संपादकों को टोल टैक्स से मुक्त करने तथा परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क अथवा रियायती यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को समाज और सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। समाचार संकलन के लिए उन्हें लगातार विभिन्न जनपदों, राज्य मुख्यालयों तथा राजधानी दिल्ली की यात्रा करनी पड़ती है। इस दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर टोल टैक्स का भुगतान करना पड़ता है तथा बसों और अन्य परिवहन साधनों में यात्रा शुल्क भी देना पड़ता है, जिससे पत्रकारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है।
ज्ञापन में विशेष रूप से यह उल्लेख किया गया कि छोटे समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं से जुड़े पत्रकारों को, जिन्हें सरकार से विज्ञापन या अन्य आर्थिक सहयोग नहीं मिल पाता, इस कारण अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए पत्रकारों को टोल टैक्स से मुक्त करने और परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क अथवा रियायती यात्रा सुविधा देने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि वे निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें।
इस अवसर पर संगठन के उत्तर प्रदेश प्रांतीय संरक्षक रामचंद्र राय, मंडलाध्यक्ष कृष्ण मणि शुक्ल आजमगढ़ जिलाध्यक्ष दुर्गा राय, जिला महामंत्री सुरेश यादव, उपाध्यक्ष, रमेश चंद्र यादव, रमेश कुमार यादव, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, नयी सदस्य रीना भारती, अरुण कुमार सिंह, प्रेम चंद सिंह, हरेन्द्र कुमार बूढ़नपुर तहसील अध्यक्ष रामभवन विश्वकर्मा, लालकृष्ण दूबे, सत्येन्द्र चतुर्वेदी, भूपेश सिंह, शिवप्रकाश पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।









