राष्ट्रीय सेवा योजना के षष्ठम दिवस : ‘स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन’ पर जागरूकता अभियान
बलिया।। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–I एवं इकाई–II द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस को ‘स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन’ विषयक जागरूकता अभियान के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अपायल में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्राम पंचायत अपायल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसर, तालाब तथा पेयजल स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों को यह बताया कि स्वच्छ वातावरण न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखता है, बल्कि इससे लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
स्वयंसेवकों ने इस दौरान लोगों को यह भी समझाया कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कचरा इधर-उधर न फेंकने, प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने और स्वच्छता के प्रति सजग रहने की अपील की। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों को ‘स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन’ के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा उन्हें स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय, अपायल में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की अकादमिक निदेशक डॉ. पुष्पा मिश्रा ने की। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में विश्वविद्यालय की कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसके लिए सभी नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
गोष्ठी में अन्य अतिथियों के रूप में डॉ. विवेक कुमार एवं डॉ. स्मिता भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया।









