Breaking News

पशुपालकों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए खुलेंगे पशु औषधि केन्द्र

 






प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर प्रत्येक विकास खण्ड में स्थापित होंगे केन्द्र

05 फरवरी 2026 लखनऊ।। पशुपालकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण पशु औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर पशु औषधि केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ. सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड में एक पशु औषधि केन्द्र खोला जाएगा, जिससे पशुपालकों को पशुओं के उपचार हेतु दवाएं किफायती दरों पर सुलभ हो सकें।


मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पशु औषधि केन्द्र खोलने के लिए आवेदन करने वाले आवेदक को फार्मासिस्ट का नाम एवं उसका वैध पंजीकरण विवरण, दुकान हेतु न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान का प्रमाण पत्र तथा ड्रग सेल लाइसेंस का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।


उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केन्द्र एवं सहकारी समितियों से जुड़े योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। यह योजना भारत सरकार की पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) के अंतर्गत संचालित की जाएगी।


पशु औषधि केन्द्र स्थापित करने के इच्छुक आवेदकों को 5000 रूपये का शुल्क अदा करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी http://pashuaushadhi.dahd.gov.in� पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।


डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पशु औषधि केन्द्रों की स्थापना से पशुपालकों को समय पर सस्ती दवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पशुधन स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ पशुपालन को और अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।