Breaking News

कोरियन लव गेम : भारतीय टीनएजर्स के लिए एक और जानलेवा खेल -स्नेहा सिंह

 







के-पॉप और के-ड्रामा के क्रेज में डूबी जेन-जी और टीनएजर्स पीढ़ी को एक बार फिर आत्मघाती बनाने की साजिश की आशंका

बलिया/नोएडा।।यह कोरियन स्टाइल की एक आनलाइन लव-टास्क आधारित गेम है, जिसमें यूजर एक वर्चुअल लवर या पार्टनर से जुड़ता है। कोरियन अंदाज में बातचीत, रोमांटिक मैसेज और रोज नए टास्क दिए जाते हैं। जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ती है, टास्क और ज्यादा कठिन और खतरनाक होते जाते हैं।
के-पॉप और के-ड्रामा के प्रति बढ़ते आकर्षण के बीच एक बेहद चिंताजनक ट्रेंड सामने आया है। जानकारों का मानना है कि कोरियन लव गेम जैसी इमोशनल और रोमांटिक टास्क आधारित गेम्स बच्चों और टीनएजर्स के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही हैं। इनमें भावनात्मक जुड़ाव (इमोशनल बॉन्डिंग) बनाया जाता है और फिर उसी के सहारे यूजर से कोई भी काम करवाया जाता है। यह घटना समाज के लिए लाल बत्ती के समान है।

       गाजियाबाद की दिल दहला देने वाली घटना


गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में रात करीब दो बजे ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। जब पूरा देश गहरी नींद में था, तब तीन सगी बहनों के दिमाग पर एक कोरियन गेम का उन्माद हावी था।
12 साल की पाखी, 14 साल की प्राची और 16 साल की विशिका, तीनों बहनें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नौवीं मंजिल की बालकनी में आईं और नीचे कूद गईं। उनकी चीखें पूरी सोसायटी में गूंज उठीं। सुबह जब यह खबर सामने आई तो न सिर्फ सोसायटी, बल्कि पूरा देश स्तब्ध रह गया।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि 'मम्मी-पापा सारी… अब आपको समझ आएगा कि हम गेम को कितना प्यार करते हैं-कोरियन लव गेम।'


                 परिवार और पुलिस की जानकारी

जांच में परिवार वालों ने बताया कि तीनों बहनें एक-दूसरे के बेहद करीब थीं। साथ खाना, साथ रहना, साथ सोना, सब कुछ एक साथ होता था। कोरोना काल में उनका मोबाइल और गेम्स से संपर्क बहुत बढ़ गया। स्कूल बंद थे, पढ़ाई कम थी और दिन का बड़ा हिस्सा गेम्स में बीतता था।
पिता ने उन्हें गेम्स से दूर रखने की कोशिश की, फोन छीनने, गेम डिलीट करने तक का प्रयास किया, लेकिन तीनों को गेम की भयानक लत लग चुकी थी। इस सामूहिक आत्महत्या ने पूरे देश के माता-पिताओं को डरा दिया है और सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर यह कोरियन लव गेम क्या है और क्यों इतनी जानलेवा बनती जा रही है।

                क्या है कोरियन लव गेम?

जानकारों के अनुसार, यह कोई साधारण टाइमपास मोबाइल गेम नहीं है। यह एक रोमांटिक टास्क आधारित आनलाइन गेम है, जो खास समय और भावनात्मक जुड़ाव मांगती है।
इसमें यूज़र को के-पॉप, के-ड्रामा और कोरियन कल्चर से जोड़ा जाता है। यूजर अपना एक वर्चुअल कोरियन लवर चुनता है, उससे रोमांटिक बातचीत करता है और रोज एक नया टास्क मिलता है।
शुरुआत में टास्क सामान्य होते हैं-फोटो भेजना, कुछ लिखकर भेजना, घंटों चैटिंग करना। लेकिन जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है, टास्क ज्यादा निजी और डरावने होते जाते हैं, यहां तक कि खुद को नुकसान पहुंचाने और मौत तक के टास्क दिए जाते हैं।

          ब्लू व्हेल जैसा खतरनाक पैटर्न

विशेषज्ञों के अनुसार, इस गेम में कुल करीब 50 टास्क होते हैं। अंतिम यानी 50वां टास्क आत्महत्या का हो सकता है, बिलकुल ब्लू व्हेल गेम की तरह। माना जा रहा है कि गाजियाबाद की तीनों बहनों ने यही अंतिम टास्क पूरा किया।

                      क्यों फंस जाते हैं बच्चे?

आज दुनिया भर में जेन-जी और टीनएजर्स के बीच कोरियन ड्रामा और पॉप का जबरदस्त क्रेज है। कई बच्चे खुद को कोरियन समझने लगते हैं, वर्चुअल रिश्तों को असली प्यार मान बैठते हैं।
वे सोचते हैं कि गेम का पार्टनर उनसे सच्चा प्यार करता है और उसके लिए हर टास्क पूरा करना जरूरी है। धीरे-धीरे यह लत बन जाती है और बच्चे अपने दिमाग पर नियंत्रण खो देते हैं।

             माता-पिता और समाज के लिए चेतावनी

विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यह सिर्फ गेम नहीं, बल्कि खतरनाक आनलाइन गेमिंग एडिक्शन है। भारत में पहले भी ब्लू व्हेल, मोमो चैलेंज, जोनाथन गैलिंडो, एफ-57 जैसे मामलों में कई बच्चों ने जान गंवाई है।
आज बच्चे चोरी-छिपे कोरियन भाषा सीख रहे हैं, ताकि माता-पिता उनकी चैट न समझ सकें। जब तक सच्चाई सामने आती है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।

                     क्या करना ज़रूरी है?

माता-पिता बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर समय सीमा तय करें,उनके व्यवहार में हो रहे बदलावों पर नज़र रखें, बच्चों से खुलकर बात करें, शिक्षकों और समाज को भी सतर्क रहना होगा, प्रेम के नाम पर खेली जा रही ये डिजिटल गेम्स बच्चों को मौत की ओर धकेल रही हैं। यह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।



स्नेहा सिंह 
जेड-436ए, सेक्टर-12,
नोएडा-201301 (उ.प्र.)
मो- 8368681336