Breaking News

15 अप्रैल को जारी होगी पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची, तैयारियों पर बड़ी नजर

 





लखनऊ।। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी करने की नई तारीख 15 अप्रैल तय की है। इससे पहले यह सूची 28 मार्च को प्रकाशित की जानी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से समयसीमा बढ़ा दी गई। आयोग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण, राज्य मतदाता नंबर जारी करने और मतदेय स्थलों की मैपिंग जैसे कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है। अब इन प्रक्रियाओं को 13 अप्रैल तक पूरा कर 15 अप्रैल को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।


गौरतलब है कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में मतदाता सूची के प्रकाशन और चुनाव कार्यक्रम के बीच का समय काफी सीमित रह जाएगा। यही वजह है कि चुनाव समय पर होने को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से यह दावा लगातार किया जा रहा है कि चुनाव तय समयसीमा के भीतर ही कराए जाएंगे।


सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक मशीनरी इन दिनों कई महत्वपूर्ण कार्यों में व्यस्त है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, बोर्ड परीक्षाएं और अन्य दायित्वों के चलते जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। मतदाता सूची से जुड़े दावे-आपत्तियों के निस्तारण और डाटा अपडेट की प्रक्रिया में भी समय लग रहा है।


यदि किसी कारणवश चुनाव निर्धारित समय पर नहीं हो पाते हैं तो कार्यकाल समाप्त होने के बाद पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जा सकते हैं। नियमानुसार छह माह के भीतर चुनाव कराए जाने का प्रावधान है। फिलहाल आयोग की नई समयसीमा के बाद सभी की नजरें आगामी अधिसूचना और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं। पंचायत स्तर पर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और संभावित उम्मीदवार अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।


राज्य निर्वाचन आयोग की अगली घोषणा से ही स्पष्ट होगा कि मतदान की तिथियां क्या होंगी और चुनाव किस चरण में संपन्न कराए जाएंगे। तब तक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को ही पंचायत चुनाव की दिशा तय करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।