Breaking News

भव्य एवं दिव्य श्री बांके बिहारी जी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिये हुई प्रथम रजिस्ट्री :श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों आदि की सुविधा हेतु बनेगा विशाल कॉरिडोर

 





सरल व सुगम होंगे श्री बांके बिहारी जी के दर्शन

धार्मिक एवं पर्यटन का होगा विकास तथा रोजगार का होगा श्रृजन।

कॉरिडोर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तथा श्रद्धालुओं के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगा।



मथुरा।। मा० उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा रिट पिटीशन (सिविल) सख्या-704/2025 व अन्य में पारित आदेश दिनांक 08.08.2025 द्वारा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर वृन्दावन के प्रबंधन हेतु ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी वृन्दावन मथुरा का गठन किया गया था। 

             समिति में मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद/ अध्यक्ष श्री अशोक कुमार जी, मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/ सदस्य श्री मुकेश मिश्रा जी, मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा/ सदस्य श्री विकास कुमार जी, मुंसिफ / सिविल जज मथुरा/ सदस्य श्रीमती शिप्रा दुबे जी, जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर / सदस्य सचिव श्री चन्द्र प्रकाश सिंह जी, सदस्य/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार जी, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम/ सदस्य श्री जग प्रवेश जी, सदस्य/ उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन जी, सदस्य/ अधीक्षण पुरातत्वविद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा डॉ० स्मिता एस० कुमार जी, गोस्वामी राजभोग समूह से श्री शैलेन्द्र गोस्वामी पुत्र श्री ब्रजनाथ गोस्वामी एवं श्रीवर्धन गोस्वामी पुत्र श्री जुगल किशोर गोस्वामी, गोस्वामी शयन भोग समूह से श्री दिनेश कुमार गोस्वामी पुत्र श्री बिहारीलाल गोस्वामी एवं श्री विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) पुत्र श्री बाल कृष्ण गोस्वामी है।

             श्री बांके बिहारी जी मंदिर कॉरिडोर के भव्य एवं दिव्य निर्माण तथा श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों आदि को सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु समिति द्वारा नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। समिति द्वारा मंदिर के गोस्वामियों, सेवायतों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। समिति द्वारा व्यापारियों, बैंकों, मीडिया बंधुओं आदि के साथ भी बैठक की गई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु चर्चा की गई। समिति द्वारा श्रद्धालुओं को सरल व सुगम दर्शन उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं में परिवर्तन करते हुए निर्देशित किया।

              उसी क्रम में समिति के द्वारा अनुमोदन के उपरान्त जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर / सदस्य सचिव श्री चन्द्र प्रकाश सिंह , अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मथुरा डॉ0 पंकज कुमार वर्मा एवं क्रय उपसमिति के प्रयासों से *आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को (ⅰ) यति गोस्वामी पत्नी स्व० विजय कुमार गोस्वामी, (ii) अभिलाष गोस्वामी पुत्र स्व० विजय कुमार गोस्वामी, (iii) अनिकेत गोस्वामी पुत्र स्व० विजय कुमार गोस्वामी द्वारा परिसम्पत्ति संख्या-25 का भाग, बिहारीपुरा, क्षेत्रफल-69.26 वर्ग मी० का ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज (देवता) वृन्दावन मथुरा द्वारा तहसीलदार सदर (श्री जितेन्द्र सिंह चाहर) के पक्ष में उप-निबन्धक द्वितीय कार्यालय में विक्रय-विलेख का निष्पादन सहर्ष किया गया।*

           श्री बांके बिहारी जी मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण हेतु उक्त रजिस्ट्री एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री बांके बिहारी जी मंदिर के कॉरिडोर निर्माण से और अधिक संख्या में श्रद्धालु ब्रज में दर्शन करने आयेंगे, जिससे धार्मिक - पर्यटन का विकास होगा। होटलों, रेस्टोरेंटों, दुकानों आदि में वृद्धि होगी तथा रोजगार का सृजन होगा। कॉरिडोर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तथा श्रद्धालुओं के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगा।

            समिति द्वारा यह निर्णय भी लिया गया है कि जिन लोगों द्वारा अपनी जमीन/रजिस्ट्री श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर निर्माण हेतु पहले प्रदान की जाएगी, उनको दिए जाने वाली सुविधाओं में वरीयता दी जाएगी। श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर के भव्य निर्माण हेतु लोगों द्वारा स्वेच्छा से पवित्र / पुनीत कार्य हेतु अपनी जमीन दी जा रही है।