Breaking News

सांसद खेल स्पर्धा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक

 





बलिया।। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति तथा सांसद खेल स्पर्धा-2025 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न खेलों के सुचारु संचालन और खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


जिलाधिकारी ने वीर लोरिक स्टेडियम के बहुउद्देशीय हाल एवं खेल मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा और निगरानी को मजबूत किया जा सके। साथ ही जिम प्रशिक्षक (ट्रेनर) रखे जाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जिम प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों से ₹300 प्रति माह शुल्क लिया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। सांसद खेल स्पर्धा 22 और 23 दिसंबर को वीर लोरिक स्टेडियम में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, स्टेलिपिक, कुश्ती, भारोतोलन, जुडो, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता बालक/बालिका दोनों वर्गों में होगी, जिसमें सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर श्रेणियाँ शामिल रहेंगी।

बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।