Breaking News

नजरुल बारी को जिलाध्यक्ष बनाने पर ग्रामीण अंचल के पत्रकारों ने जताया भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के नेतृत्व के प्रति आभार

 






पहली बार बड़े संगठन ने ग्रामीण पत्रकार को बनाया जिलाध्यक्ष 

लोकतान्त्रिक तरीके से प्रत्येक वर्ष बदलाव महासंघ की विशेषता 

बलिया।। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला इकाइयों के गठन से पूर्व जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में बलिया जिले से सिकन्दरपुर तहसील निवासी वरिष्ठ समाजसेवी व पत्रकार नजरुलबारी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले के पत्रकारों में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ में ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार को पहली बार जिले की कमान दी गई है, जिससे कि ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों में खुशी व्याप्त है।कहा कि महासंघ ही एक मात्र ऐसा संगठन है जिसमे कोई भी निष्ठावान सदस्य बड़े से बड़े पद पर जा सकता है। प्रत्येक वर्ष लोकतान्त्रिक तरीके से चुनाव व बदलाव महासंघ की बड़ी विशेषता है जो पत्रकारों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही है।



प्रांतीय चुनाव संयोजक एवं प्रांतीय मुख्य महासचिव उत्तर प्रदेश श्री मधुसूदन सिंह ने मंगलवार की शाम उक्त सूची जारी की। महासंघ की ओर से जारी सूची के अनुसार कन्नौज जिले से मुहम्मद अकील अहमद, महानगर प्रयागराज से पंकज गुप्ता, चंदौली से अमित कुमार चौबे, अम्बेडकर नगर से संतोष कुमार पांडेय, मिर्ज़ापुर से पंकज पांडेय, अयोध्या से सूर्य कुमार मिश्रा तथा सुल्तानपुर से राजीव तिवारी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

महासंघ के प्रांतीय नेतृत्व ने कहा कि जिला अध्यक्षों की यह सूची संगठन को नई दिशा देने में सहायक होगी। जिलों में सक्रिय, कर्मठ और अनुभवी पत्रकारों को जिम्मेदारी सौंपकर महासंघ पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी संगठनात्मक ढांचे को विस्तार दिया जाएगा।

बलिया जिले से नजरुल बारी को जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर स्थानीय पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त किया है। पत्रकारों का कहना है कि नजरुल बारी लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और वे पत्रकारों की समस्याओं, चुनौतियों और जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। उनके नेतृत्व में जिले के पत्रकारों को संगठित मंच मिलेगा और उनकी आवाज मजबूती से उठाई जा सकेगी।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष नजरुल बारी ने अपनी नियुक्ति पर महासंघ के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा और उद्देश्य के अनुरूप कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही संगठन को जिले में मजबूत करने के लिए सभी पत्रकार साथियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

महासंघ से जुड़े पत्रकारों ने नजरुल बारी को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में बलिया जिला इकाई नई ऊंचाइयों को छुएगी और पत्रकार हितों की लड़ाई और अधिक प्रभावी होगी।