सिटी मजिस्ट्रेट ने वृद्धा आश्रम गड़वार का किया औचक निरीक्षण, शीतकालीन राहत सामग्री वितरित
बलिया।। सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा ने शुक्रवार को गड़वार स्थित वृद्धा आश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
शीत ऋतु की तीव्रता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा आश्रम में रह रहे सभी वरिष्ठ नागरिकों को शीतकालीन राहत सामग्री के रूप में शॉल, स्वेटर, मोज़ा, टोपी आदि गर्म कपड़े वितरित किए गए। इस मानवीय पहल से वृद्धजनों में विशेष प्रसन्नता देखी गई और उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा एवं गरिमा की रक्षा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्रम के प्रबंधन, अधीक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा की जा रही सेवा, देखभाल एवं संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्वच्छ, अनुशासित और संवेदनशील वातावरण में दी जा रही सेवाएं अत्यंत प्रशंसनीय हैं।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्रम प्रबंधन को निर्देश दिए कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाए तथा वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के प्रति सदैव संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा वृद्धजनों के कल्याण हेतु हरसंभव सहयोग निरंतर प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर वृद्धा आश्रम के कर्मचारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।






