विश्वविद्यालयी परीक्षा में एक नकलची पकड़ाया
बलिया।। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं गत 19 नवम्बर से संचालित हो रही हैं। परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के 82916 परीक्षार्थियों के लिए 7 नोडल एवं 39 परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता और परीक्षा नियंत्रक/ कुलसचिव एस एल पाल के द्वारा परीक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
यूजी/पीजी के विभिन्न विषयों के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा क्रमशः प्रातः 8.00 से 10.00 बजे की प्रथम पाली और 11.30 से 1.30 बजे की द्वितीय पाली एवं 2.40 से 4.30 बजे की तृतीय पाली में आयोजित की जा रही है।
पूरी परीक्षा व्यवस्था को शुचितापूर्ण नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा उड़ाका दल की दो टीमों का गठन किया गया है। द्वितीय टीम में डॉ. मनोज कुमार, प्रभारी तथा डॉ. कौशल कुमार पाण्डेय एवं डॉ. माला कुमारी सदस्य हैं। इस टीम ने मथुरा पीजी कॉलेज से एक परीक्षार्थी को अनुचित साधन प्रयोग में पकड़ा है। उड़ाका दल लगातार सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार चक्रमण कर रहा है और परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ले रहा है। इन नक़लचियों पर विश्वविद्यालय द्वारा कठोर कार्यवाही की जायेगी।



