कांच ही बांस के बहंगियां, बहँगी लचकत जाय... गीत गाती छठ व्रती महिलाओ ने दिया अस्तांचल सूर्य को अर्घ्य
नजरूलबारी
सिकन्दरपुर, बलिया।। अस्तांचल सूर्य को अर्घ्य देकर मनौती पूर्ण करने की गुहार लगाने के लिये सोमवार सायं 4 बजे से ही छठ व्रती महिलाओ की भीड़ छठ घाटों पर उमड़ पड़ी । क्या सामान्य , क्या खास सभी लोग माथे पर पूजा के पकवानों से भरे हुए बांस के दौरी को लेकर छठ घाट की ओर चल दिये । छठ मैय्या की पूजा अर्चना के लिए नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर सोमवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। घाटों पर बजते छठ मैय्या के गीतों के कैसेट से भक्ति का माहौल रहा। श्रद्धालु पूजा सामग्रियों के साथ क्षेत्र की नदी, घाट और पोखरों पर पहुंचे और अस्तांचल सूर्य को अर्घ्य दिया। सुबह से महिलाएं पुरुष घाटों पर पहुंचने के लिए अपनी तैयारी में जुटे रहे। सायं होते ही नगर क्षेत्र के महिला, पुरुष, युवक-युवती, बच्चे गाजे बाजे के साथ बांस की सुपेली, चंगेरी, नारियल, शरीफा, मौसमी, गन्ना, गंजी, सुथनी, कच्ची हल्दी, मूली, हरा साग, भीगा चना आदि के अलावा तरह-तरह के पकवान जैसे मालपुआ, ठेकुआ, पूड़ी, हलुवा आदि एक दौरा में लेकर घाट पर पहुंची। इस दौरान कई व्रती महिलाओं के पति और पुत्र सिर पर टोकरी में पूजा सामग्री लेकर घाटों की तरफ बढ़ते रहे, जबकि महिलाएं छठी मैय्या का गीत गाते हुए टोलियों में छठ घाटों पर पहुंची। शाम करीब चार बजे के बाद छठ घाटों की रौनक काफी बढ़ गयी है। कुछ मनौती माने श्रद्धालु तो मार्ग पर लेटते हुए घर से घाट तक पहुंचे। सूर्य षष्ठी व्रती महिलाओं ने सायंकाल अस्त हो रहे भगवान भाष्कर को अर्ध्य दे परिवार के मंगल सुख समृद्धि पुत्र के दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक व्यवस्था की गई थी। क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह, चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा निरंतर घाटों पर चक्रमण करते रहे।


