ददरी मेले के झूलों की नीलामी ने तोड़ा अब तक का रिकॉर्ड, 1.30 करोड़ की लगी सर्वाधिक बोली
पारदर्शी नीलामी में झूलों की आज तक की सबसे बड़ी बोली, ददरी मेला बना नई ऊंचाइयों का गवाह
वर्ष 2025 में झूलों की रिकॉर्ड तोड़ बोली — 2024 के सापेक्ष 47.90 लाख की बढ़ोतरी के साथ 1.30 करोड़ में हुई नीलामी
बलिया।। जिलाधिकारी बलिया के निर्देश के क्रम शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष झूलों व प्रदर्शनी की खुली नीलामी संपन्न हुई। नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही, जिसमें मीडिया बंधु, दर्शकगण, बोलीकर्ता तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। नीलामी की प्रक्रिया को यू-ट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया। नीलामी में शिव शक्ति ट्रेडर्स के द्वारा झूलों सहित प्रदर्शनी के लिए वर्ष 2025 में 1 करोड़ 30 लाख रुपए (130 लाख) की सर्वाधिक बोली लगाई गई। यह राशि विगत वर्ष 2024 में प्राप्त 82.10 लाख रुपए की तुलना में 47.90 लाख रुपए अधिक है। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि यह ददरी मेले के इतिहास में झूलों की अब तक की सर्वाधिक बोली है। इससे न केवल मेले की आय में अभूतपूर्व वृद्धि होगी, बल्कि मेला प्रबंधन को और सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी। प्राप्त धनराशि का उपभोग जनपदवासी एवं व्यापारियों को उच्चतम स्तर की सुविधा देने में प्रयोग की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस पारदर्शी प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए समिति के सभी सदस्यों, उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों और बोलीकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि ददरी मेला 2025 अब नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में पूरा प्रशासन ददरी मेला 2025 के भव्य आयोजन के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है।


