GST 2.0 रिफॉर्म का अपंजीकृत छोटे व्यपारियों को भी मिले लाभ,नये बदलाव से घाटे मे सामान बेचने को मजबूर, वित्त मंत्री को भेजी चिट्ठी : आनंद सिंह
बलिया।। बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) ने जीएसटी 2.0 दर कटौती से छोटे व अपंजीकृत व्यापारियों को अपेक्षित लाभ न मिलने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र भेजकर छोटे व्यापारियों और दवा कारोबारियों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
बीसीडीए ने अपने पत्र में कहा कि जीएसटी 2.0 की दर कटौती का स्वागत आम जनता और व्यापारी दोनों ने किया है। निश्चित रूप से इससे उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलेगी, लेकिन छोटे व्यापारियों को अभी भी इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि कई छोटे दवा व्यापारी जीएसटी में रजिस्टर्ड नहीं हैं। विशेष रूप से वे व्यापारी जिन्होंने पहले ऊँचे जीएसटी दर पर दवाइयां खरीदी थीं, अब रजिस्टर्ड न होने की वजह से उन्हें इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ नहीं मिल पा रहा है। परिणामस्वरूप उन्हें पुराना माल सस्ते दर पर बेचना पड़ रहा है, जिससे सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बीसीडीए ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जीएसटी मे अपंजीकृत ऐसे छोटे दवा व्यापारियों और कारोबारियों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए। साथ ही स्टॉक एडजस्टमेंट हेतु टैक्स रिफंड/सब्सिडी जैसे ठोस उपाय शामिल किए जाएं।
अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने कहा कि जब तक छोटे दवा व्यापारियों को उचित मुआवजा व राहत नहीं मिलेगी, तब तक वे संकट में बने रहेंगे। इसलिए वित्त मंत्रालय से सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा है।



