Breaking News

डीएम ने की विद्युत विभाग के कार्यों/योजनाओं की प्रगति की समीक्षा :विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए सुधार लाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

 

 


विद्युत फाल्ट/ट्रांसफार्मर खराब होने पर इसे तत्काल ठीक कराकर आपूर्ति व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश 

बलिया।।जिलाधिकारी  प्रवीण कुमार लक्षकार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधीक्षण अभियंता, सभी अधिशासी अभियंता, एसडीओ व अवर अभियंताओं के साथ बैठक कर विद्युत विभाग के कार्यों/योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। 

               बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के कार्यों/योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए सुधार लाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जाय। विद्युत फाल्ट/ट्रांसफार्मर खराब होने पर इसे तत्काल ठीक कराकर आपूर्ति व्यवस्था सुचारु किया जाय। उन्होंने कहा कि विद्युत ट्रिपिंग न हो, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। आमजन की विद्युत से संबंधित सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे सुधार के कार्यों और उन कार्यों की प्रगति की विस्तृत आख्या उन्हें उपलब्ध कराई जाय।



                जिलाधिकारी ने कहा विद्युत सब स्टेशन पर अवर अभियंताओं सहित अन्य संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य की समीक्षा के दौरान प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान आदि के कारण विद्युत खंभा/तार टूटने आदि की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु किया जाय। उन्होंने कहा कि बांस व बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किया जाय, ताकि कोई अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने कहा कि यूपीपीसीएल कंज्यूमर एप के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाय, उनके मोबाइल में इस ऐप को डाउनलोड कराकर संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दिया जाय। इसके साथ ही उन्होंने शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के संभावित बाढ़ वाले क्षेत्रों में तैनात एसडीओ व अवर अभियंताओं से कहा कि बाढ़ के दौरान विद्युत के कारण कोई अप्रिय घटना/जनहानि न होने पाए आवश्यक कार्यवाही पूर्व में ही सुनिश्चित कर लिया जाय।

            बैठक में मुख्य विकास अधिकारी  ओजस्वी राज व अधीक्षण अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।