Breaking News

विकसित भारत के लिए रोल मॉडल बनेगा सांसद मस्त की सोच वाला लोक संवाद, दुबहड़ ब्लॉक पर आयोजित हुआ लोक संवाद कार्यक्रम



मधुसूदन सिंह 

बलिया।। जनपद में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त की सोच से आयोजित हो रहा लोक संवाद कार्यक्रम पूरे देश के विकास में रोल मॉडल बनने की राह पर है। पूरे देश में सिर्फ बलिया में संचालित इस कार्यक्रम की प्रधानमंत्री भी तारीफ कर चुके है और अब सांसद मस्त आगामी 4 दिसंबर को शुरू हो रहे लोकसभा सत्र में लोक संवाद को पूरे देश में आयोजित करने के लिए प्रस्ताव रखेंगे। जनपद में सरकार(केन्द्र+राज्य) की विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तिकरण के लिए एवं आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को दुबहड़ ब्लॉक परिसर में लोक संवाद - ग्राम सभा से लोकसभा तक का आयोजन किया गया । इस लोक संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के तौर पर बतौर मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त शामिल हुए और उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। इस कार्यक्रम में विकासखंड दुबहड़ के ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, पंचायतों के सदस्य और क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुबहड़, ब्लॉक प्रमुख बेलहरी शामिल थे।





सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कार्यक्रम  को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में विकसित भारत की संकल्प यात्रा के तहत लोक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । इस का उद्देश्य समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को संतृप्त करना है। इसी परिकल्पना के माध्यम से यह भारत के प्रारंभिक लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के लोग ही लोकतंत्र में पहली पीढ़ी के लोग हैं। इनके मजबूत हुए बिना लोकसभा भी ताकतवर नहीं हो सकतीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यही संवाद दुनिया के सामने रखते हैं। इसीलिए इस कार्यक्रम का नाम  लोक संवाद कार्यक्रम- 'ग्राम सभा से लोकसभा तक' रखा गया है। लोक संवाद का यह कार्यक्रम जनपद के 940 ग्राम पंचायतों में 26 जनवरी 2024 तक लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए चलता रहेगा। उन्होंने खंड विकास अधिकारी समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी ग्राम सभा के सदस्यों और क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों को लाभान्वित करने का प्रयास करें और ये लाभार्थी सदस्य गांव के दूसरे कम से कम 5 वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे।खासतौर से पशुपालन और कृषि विभाग के अधिकारी इन बातों पर विशेष रूप  से ध्यान दें। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का भी जिक्र किया।



 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोक संवाद का यह कार्यक्रम पूरे देश में सिर्फ बलिया में ही संचालित हो रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना से जोड़ते हुए लोक संवाद कार्यक्रम रखा गया है। इसमें ग्राम पंचायत के सदस्यों और क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जो चुनाव के बाद लगभग उपेक्षित हो जातें हैं, उनको इस कार्यक्रम से जोड़ते हुए ग्राम सभा से लोकसभा तक की सीढ़ी बनाने की परिकल्पना की गई है। कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्र वंचित लोगों को जागरूक कर लाभान्वित करना है।






कहा कि मै अक्सर संसद में अपने सहयोगियों / साथियों से कहता रहता हूं कि कोई यह समझता है कि वह बहुत बड़ा और ताकतवर सांसद है, तो यह उसकी गलतफहमी है। मै तो इस गलतफहमी में नहीं रहता हूं। मेरा स्पष्ट मानना है कि कोई भी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद तब तक मजबूत नहीं हो सकता है जबतक देश की साढ़े छह लाख ग्राम सभायें ताकतवर नहीं होंगी। कहा कि मै इस बात का भी विरोध करता हूं ज़ब लोग कहते है कि हिंदुस्तान मुंबई दिल्ली कोलकाता मद्रास जैसे महानगरो में बसता है। मेरा मानना है कि असल हिंदुस्तान देश के साढ़े छह लाख गांवो में बसता है। अगर हिंदुस्तान का विकास करना है तो गांवो का विकास करना जरुरी है। लोक संवाद का कार्यक्रम इसी उद्देश्य को लेकर चलाया जा रहा है। कहा कि आगामी 4 दिसंबर से शुरू हो रहे लोकसभा के सत्र में मै लोक संवाद को पूरे देश में चलाने के लिए जोरदार तरीके से आवाज उठाऊंगा।

खंड विकास अधिकारी ने वहां उपस्थित लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया।इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाया गया था। इस कार्यक्रम में डीसी मनरेगा  सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।





ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व अन्य ने किया सांसद मस्त को सम्मानित

कार्यक्रम की शुरुआत में दुबहड़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पूना सिंह ने मुख्य अतिथि सांसद श्री वीरेंद्र सिंह मस्त को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बीडीओ दुबहड़, डीसी मनरेगा, ब्लॉक प्रमुख बेलहरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बेलहरी विजय सिंह, अशोक कुमार सिंह बीजेपी नेता, पूर्व प्रमुख दिनेश पाठक, जिला पंचायत सदस्य मानवेन्द्र विक्रम सिंह समेत कई बीडीसी और प्रधानों ने भी श्री मस्त को माल्यार्पण कर स्वागत किया।




कार्यक्रम में महिलाओं को वितरित किया गया प्रमाण पत्र

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सांसद, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारी दुबहड़ द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री आवास योजना, महिला स्वयं सहायता समूह की लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।







कम्पोजिट विद्यालय की छात्राओं व छात्रों ने प्रस्तुत किया स्वागत गान

कम्पोजिट विद्यालय के छात्र ने सबसे पहले सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि का स्वागत स्वागत गान से किया। छात्राओं द्वारा नृत्य के माध्यम से उपस्थित जन समुदाय का मन मोहा गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुबहड़ पूना सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह द्वारा बच्चों को मिठाई खाने के लिए पुरस्कार प्रदान किया।

ग्राम सभा सरया के ग्राम प्रधान की खूब की तारीफ

सांसद श्री मस्त ने अपने सम्बोधन में ग्राम सभा सरया के ग्राम प्रधान की जमकर तारीफ की। कहा कि अगर सरया के ग्राम प्रधान अपने गांव को विकास के क्षेत्र में रोल मॉडल कर सकते है तो अन्य क्यों नहीं। कहा कि लोक संवाद का यही मकसद है कि प्रत्येक ग्राम सभा में सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक जरूर पहुंचे। कहा कि ज़ब मैने सरया ग्राम सभा के विकास को पीएम मोदी जी को बताया तो उनका रिएक्शन था कि वह हमारे लोकसभा क्षेत्र में कैसे आएगा।