Breaking News

देव दीपावली पर दुर्गा मंदिर पर जलाये गये 21 हजार दियें, रौशनी से सराबोर हुए मंदिर व देवालय




संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा, बलिया।।कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दिवाली के मौके पर सोमवार को कस्बे के प्राचीन दुर्गा मंदिर पर देव दीपावली काफी धूमधाम के साथ मनाई गई।श्रद्धालु भक्तो ने मन्दिर एवं देवालयों में इक्कीस हजार दीप दान कर दीपक की रोशनी से मन्दिर व सरोवर को रोशन किया।

             कस्बे के प्राचीन दुर्गा मंदिर पर देव दीपावली के लिए काफी तैयारियां की गई। पूरे दुर्गा मन्दिर एवं आसपास के देवालय परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया। हजारों की संख्या में यहां श्रद्धालुओं ने दीप जलाए। पूरा दुर्गा मंदिर परिसर हजारों दीपकों की रोशनी से रोशन नजर आ रहा था। मंदिर परिसर में जगह-जगह रंगोली सजाई गई। इन रंगोलियों में देव दीपक सजाए गए। मंदिर परिसर की छटा अद्भुत नजर आ रही थी। हर किसी की आंखे इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए आतुर हो उठी थी।




 मन्दिर में पुजारी मुन्ना पांडेय द्वारा मां दुर्गा के पूजन आरती के साथ शुरू हुए दीप दान का कार्य देर तक चलता रहा।मन्दिर एवं देवालयों में पुरुष महिला श्रद्धालुओं ने भी पूजा अर्चना कर भोग अर्पित किए।दीपो से सजे मन्दिर के मनभावन दृश्य को मोबाइल कैमरे में कैद करने हेतु युवाओं में होड़ देखने को मिली।मन्दिर को सजाने संवारने की तैयारी दो दिन पूर्व से ही शुरू हो गई थी। इस पावन अवसर पर मंदिर के व्यवस्थापक पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश, भाजपा नेता छट्ठू राम, जय प्रकाश जायसवाल, सभासद कृष्ण कुमार कुशवाहा, संतोष कुमार पांडेय, हिमेश प्रकाश, अमरेंद्र सोनी, राजू सोनी, विजेंद्र बहादुर सिंह, योगेंद्र सहित सैकड़ों श्रद्धालु जन मौजूद रहे।