Breaking News

लक्ष्मण गुप्ता पर सपा ने बलिया में लगाया दांव, समर्थकों में ख़ुशी की लहर, मंगलवार को लक्ष्मण गुप्ता का बलिया आगमन



मधुसूदन सिंह 

लखनऊ / बलिया।। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने 11 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष पद के  प्रत्याशियों की सूची जारी कर दिया है।सूची के मुताबिक, बलिया नगर पालिका से सपा ने लक्ष्मण गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। इस सूची में मैनपुरी जनपद में 8 नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की भी घोषणा हुई है। समाजवादी पार्टी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर यह सूची शेयर की है। सूत्रों के अनुसार लक्ष्मण गुप्ता मंगलवार को टिकट के साथ बलिया आने वाले है। मंगलवार को श्री गुप्त की भव्य स्वागत की तैयारी हो रही है।



लक्ष्मण गुप्ता के नाम की घोषणा होते ही बलिया में समर्थकों में ख़ुशी की लहर दौड़ गयीं है। बता दे कि लक्ष्मण गुप्ता बलिया से सन 2000 में प्रदेश के सबसे युवा चेयरमैन चुने गये थे। स्वयं तत्कालीन मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सम्मानित किया था। यही नही लक्ष्मण गुप्ता ने सन 2012 में अपनी भाभी साधना गुप्ता को बलिया नगर पालिका का चेयरमैन बनाकर अपनी राजनैतिक चातुर्य का लोहा मनवाया था। यही कारण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर से लक्ष्मण गुप्ता पर ही दांव लगाने का निर्णय किया है। यह भी सूच्य हो कि लक्ष्मण गुप्ता, समाजवादी पार्टी के गठन से लेकर आजतक कभी भी पार्टी नहीं छोड़ी है।








अखिलेश यादव के भरोसेमंद साथी

लक्ष्मण गुप्ता को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का करीबी व विश्वस्त सहयोगी माना जाता है। यही कारण था कि ज़ब देश में मोदी लहर चरम पर थी और श्री नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बन चुके थे, बावजूद 2017 में अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में लक्ष्मण गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया था। पिछले सभी चुनावों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों से सर्वाधिक मत पाने के बावजूद लक्ष्मण गुप्ता मोदी लहर में यह चुनाव हार गये। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा द्वारा पूर्व मंत्री नारद राय को प्रत्याशी बनाये जाने के बावजूद लक्ष्मण गुप्ता ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा नही छोड़ी, जबकि ऐसे में कई लोग पार्टी से बगावत कर देते है। यही कारण है कि इस बार अखिलेश यादव ने लक्ष्मण गुप्ता पर ही दांव लगाने का निर्णय किया है।

व्यापारियों में लोकप्रिय

अपने और अपनी भाभी साधना गुप्ता के दो कार्यकालों में लक्ष्मण गुप्ता ने स्थानीय व्यापारियों के हितों के लिये कई महत्वपूर्ण कार्य किये। चौक के फुटपाथ व्यापारियों के लिये क़ासिम बाजार बनकटा मार्ग पर दुकानों का निर्माण कर दुकाने आवंटित की। शहर में एक बड़े मॉल कांसेप्ट को सरकारी तौर पर शुरू करने के लिये लोहिया मार्केट के निर्माण की शुरुआत करायी। इसके साथ ही ज़ब भी व्यापारियों के ऊपर कोई संकट आया, उसके लिये आगे बढ़ कर आंदोलन किया। असलहा व्यवसायी नन्दलाल गुप्ता के आत्महत्या प्रकरण में भी श्री गुप्त ने बढ़ चढ़ कर आंदोलन ही नही किया बल्कि अखिलेश यादव को बलिया बुलाकर पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बधाने का भी काम किया। यही कारण है कि व्यापारियों का इस बार भी लक्ष्मण गुप्ता के प्रति झुकाव ज्यादे दिख रहा है।