Breaking News

नरही थाना क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई जोरों पर



नरही (बलिया)।। गड़हांचल में लकड़ी माफियाओं की वन विभाग और पुलिस के साथ गलबहिया के चलते खूब चांदी कट रही है। यही कारण है कि ये लकड़ी माफिया रात दिन बेखौफ होकर  हरे पेड़ों की कटाई किए जा रहे हैं। 

 एक तरफ सरकार पर्यावरण को बचाने के लिए हर साल करोड़ों रुपए खर्च कर पेड़ लगवा रही है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय पुलिस और वन विभाग के लोग चढ़ावा लेकर अंधाधुंध हरे पेड़ों को कटवाने के लिए लकड़ी माफियाओं से मिलकर क्षेत्र को वृक्ष विहिन करने पर तुले हैं। कहीं भी लकड़ी माफिया बेखौफ होकर हरे पेड़ों की कटाई धुआंधार कर रहे हैं।







बता दे कि दौलतपुर में सड़क के पास ही बौर (आम्र मंजरी) से गदराया आम का पेड़ लकड़ी माफियाओं की भेंट चढ़ गया। यही स्थिति पूरे क्षेत्र में बनी हुई है । फिरोजपुर में भी लकड़ी माफियाओं ने आम के पेड़ खुलेआम सड़क किनारे ही कटवा कर ले गए। एक लकड़ी माफिया (नाम पता) न लिखने की शर्त पर बताया कि ₹1000 वन विभाग को और पंद्रह सौ रुपया प्रति पेड़ थाने को पेड़ काटने से पहले ही दे देना पड़ता है।




 क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही पूरा क्षेत्र पेड़ विहीन हो जाएगा। बड़ी बात तो यह कि बिना लाइसेंस के आरा मशीन भी चढ़ावा देकर चल रही है। जिसके पास लाइसेंस भी है वह भी मानक से अधिक लकड़ी गिरा कर खुलेआम चिराई कर रहा है।






इस संबंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक कुमार यादव से पूछने की कोशिश की गई कि फलदार पेड़ कैसे कट रहे है, लेकिन बार बार प्रयास करने के बाद भी फोन पर संपर्क नहीं हो पाया।