Breaking News

जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में हो रहे निर्माण कार्य की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

 


बलिया। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के परिसर में हो रहे निर्माण कार्य के संबंध में संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य में आ रही कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली और उन्हें  जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि परिसर में हो रहे निर्माण कार्य के समय जो भी पेड़ लगे हुए हैं उन्हें काटने से पहले वन विभाग की अनुमति अवश्य ले ली जाए। वन दरोगा को निर्देश दिया कि पेड़ों को काटने से पहले उन्हें चिन्हित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिया निर्माण का कार्य जल्द से जल्द कर लिया जाए क्योंकि परिसर में हो रहे निर्माण कार्य के लिए आने वाले वाहनों को दिक्कत होती है।





विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर कल्पलता पांडे ने जिलाधिकारी और कार्यदायी संस्था को विश्वविद्यालय परिसर में बारिश के समय होने वाली समस्या से अवगत कराया।  कहा कि यदि समय रहते परिसर की बाउंड्री वाल नहीं बनाई गई तो बारिश में फिर से परिसर में पानी भर जाएगा। जिससे पठन-पाठन में परेशानी आएगी। उन्होंने वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए कहा कि क्योंकि अभी विश्वविद्यालय में परीक्षाएं होने वाली हैं ,इस कारण कुछ समय के लिए निर्माण कार्य को रोक दिया जाए। कुलपति ने कहा कि सड़कों के किनारे नाली ना बने होने के कारण बारिश का पानी कैंपस में आ जाता है।  परिसर में निर्माण करते समय पानी के बहाव और निकासी की व्यवस्था ठीक रखी जाए। इस  बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा भी उपस्थित थे।