चिलकहर BRC पर भावुक विदाई: SDI हिमांशु सिंह को शिक्षिका ने बांधी राखी, बोलीं— ऐसे अधिकारी पहले कभी नहीं देखे
बलिया।। चिलकहर ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) पर एसडीआई हिमांशु सिंह के मऊ जनपद स्थानांतरण के बाद विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने उन्हें फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और गाजे-बाजे के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी। वहीं नए एसडीआई रत्नाकर पाण्डेय का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।
विदाई समारोह के दौरान सवन राजभर बस्ती प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका रंजना पाण्डेय भावुक हो गईं। उन्होंने मंच से एसडीआई हिमांशु सिंह की कार्यशैली और शिक्षकों के प्रति उनके व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शिक्षा व्यवस्था में बेहतर सुधार के लिए लगातार काम किया।
शिक्षिका रंजना पाण्डेय ने कहा कि “मैंने अपने कार्यकाल में ऐसे एसडीआई को पहले कभी नहीं देखा, जो शिक्षकों और बच्चों को लेकर इतना संवेदनशील रहे हों। इनके कार्यकाल में शिक्षक और बच्चे जागरूक हुए और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुधार देखने को मिला।”
इसी भावनात्मक जुड़ाव के बीच रंजना पाण्डेय ने विदाई समारोह में एसडीआई हिमांशु सिंह को राखी बांधी। उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह ने उन्हें बहन के रूप में सम्मान दिया और भाई-बहन का यह रिश्ता हमेशा याद रहेगा।
मंच से संबोधन के दौरान रंजना पाण्डेय की आंखों से आंसू छलक पड़े। उनके भावुक होने का असर वहां मौजूद अन्य शिक्षकों और शिक्षिकाओं पर भी दिखाई दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
बाइट — रंजना पाण्डेय, शिक्षिका एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, महिला शिक्षा संगठन बलिया












