Breaking News

बलिया के लाल डॉ के के सिंह को मिली प्रभारी कुलपति की जिम्मेदारी,परिजनों में फैली खुशी,एक दूसरे को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

 



संतोष द्विवेदी

नगरा बलिया ।। नगरा निवासी डॉ कृष्ण कुमार सिंह को डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा समस्तीपुर के नए प्रभारी कुलपति बनाए जाने पर उनके पैतृक गांव में हर्ष का माहौल है। डा. कृष्ण कुमार राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अधीनस्थ पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉर्टिकल्चर के डीन पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह पद वरीयता के आधार पर दी गई है। इस संबंध में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय एवं कृषि अनुसंधान शिक्षा विभाग के द्वारा पत्र निर्गत किया है। 

              डा. कृष्ण कुमार सिंह के कुलपति का प्रभार ग्रहण करने की सूचना उनके पैतृक गांव पर पहुंचते ही परिजनों सहित गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। आसपास के लोगों एवं शुभचिंतकों ने श्री सिंह के घर पहुंचकर शुभकामनाएं दी तथा परिजनों को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया। गौरतलब है कि जनता इंटर कॉलेज नगरा के प्रवक्ता रहे स्व श्यामदेव सिंह के बड़े पुत्र डॉ कृष्ण कुमार सिंह की प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पैतृक गांव पर ही हुई है। उसके बाद नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद से बीएससी एजी तथा चन्द्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय कानपुर से एमएससी एजी की उपाधि लेने के बाद पुनः नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद से पीएचडी की डिग्री हासिल किए। 





इनकी पहली पोस्टिंग शेर ए कश्मीर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू में हुई थी। इसके बाद श्री सिंह सेंट्रल आइसलैंड एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट पोर्ट ब्लेयर में वरिष्ठ वैज्ञानिक, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पल्स रिसर्च कानुपर के हेड के पद पर तैनात रहे। अरविंद नारायण सिंह, निर्भय प्रकाश, अरविंद सोनी, रमजान मुबारक,व्यापारी नेता राजीव कुमार सिंह चंदेल, गणपति गोड़, सुनील सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ किशोर मिश्र, लाल बहादुर सिंह आदि ने श्री सिंह की वयोवृद्ध मां का मुंह मीठा कराकर बधाई दी है।