Breaking News

नाला निर्माण के लिये खोद कर छोड़ी गयी नाली बन गयी है राहगीरों के लिये जानलेवा,जिम्मेदार अभी ठेकेदार पर नही बना पा रहे है दबाव



संतोष द्विवेदी

नगरा, बलिया।नगरा-रसड़ा मार्ग पर थाने के सामने निर्माण के लिए खोद कर छोड़ दी गयी गहरी नाली अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। नगर पंचायत द्वारा एक किमी लंबी नाली की खोदाई दो वर्ष पूर्व की गई थी। सड़क से पूरब इस नाली को खोदा गया है। नाली कूड़े व झाड़-झंखाड़ से पट चुकी है, इससे किसी को पता नहीं चल पाता कि नाली की गहराई अधिक है। जब से यह नाली खोद कर छोड़ी गई है तब से अब तक एक दर्जन लोग पैदल या बाइक से गिर कर चोटिल हो चुके हैं। सोमवार को नाली में सिपाही की बाइक घुस गई जिससे उनका पैर टूट गया।







             शिक्षक राज बहादुर सिंह अंशू ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि नगर पंचायत की लापरवाही से नाली का निर्माण नहीं हो पा रहा है। नाली निर्माण न होने से कई लोग इसमें गिरकर घायल हो चुके है। लग रहा नगर पंचायत को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। युवा समाजसेवी कृष्णपाल यादव केपी ने कहा कि खोदी नाली गहरी है। नाली को बनवाना बहुत जरूरी है।


वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राम बदन यादव ने बताया कि नाली निर्माण को लेकर नगर पंचायत गंभीर है। प्रशासक व उपजिलाधिकारी से वार्ता हुई है। ठीकेदार से वार्ता कर जल्द ही कार्य शुरु कराया जाएगा।