Breaking News

पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह का सरकार पर बड़ा हमला : पूर्वजो की बनायी संपत्तियों को उद्योगपतियों को बेचकर सरकार कह रही है देश बन रहा है महाशक्ति



संतोष द्विवेदी

नगरा, बलिया।भाजपा के पूर्व विधायक व फायरब्रांड नेता राम इकबाल सिंह अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहे कि देश के किसान मजदूर व व्यापारियों के टैक्सेशन से जिस अचल संपति को पूर्वजों ने बनाया था,उन संपत्तियों को उद्योगपतियों को बेचकर सरकार कह रही है कि भारत महान है, देश महाशक्ति बन रहा है, दुनिया में स्थान प्राप्त कर रहा है। यह काफी हास्यास्पद है।नौकरियां अखबार में दी जा रही ।जिले को नामजादे और रायजादे पंगु बना दिये हैं, जिला जाम के बाद जल में फंसा  हुआ है। बाढ़ से परेशान लोग त्राहि त्राहि कर रहे है और अधिकारी लूट खसोट में व्यस्त है।

                 श्री सिंह शुक्रवार को शाम को नगरा में पत्रकार वार्ता  कर रहे थे।कहे कि किसान और व्यापारी के लड़के पूर्वजों की बनाई संपति को बेचते है तो उन्हें दर्द नहीं होता।केंद्र सरकार भी यही कर रही है। कहे कि सरकार संपतियो को बेचने का नाम मुद्रीकरण दिया है। मतलब नाक को घुमा कर पकड़ रही है।  सोमवार को वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार को छः लाख करोड़ रुपए जुटाना है। इसके लिये 400 रेलवे स्टेशन,256 रूट सेट,90 यात्री गाड़ी,4 पर्वतीय रेलवे,15 रेलवे स्टेडियम,1476 ओवरहेड रेलवे इंक्रिमेंट,674 किमी फ्रेट कॉरिडोर,741 किमी कोंकण रेलवे,14917 बीएसएनएल टॉवर,26 हजार किमी सड़क के रख रखाव,2 लाख 75 हजार किमी से अधिक फाईवर लाइन का मुद्रीकरण करके 29 हजार करोड़ रुपए प्राप्त किया जाएगा। 

इस तरह देश की अचल संपति बेच कर 6 लाख करोड़ रुपए जुटाने की योजना को लांच की गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सरकार को गलत सूचना देकर देश को शौच मुक्त घोषित करा दिया, जबकि आज भी गावों के बाहर सैकड़ों महिलाएं सड़कों को गन्दा कर रही है। कहे कि पूरा सरकारी अमला आंख बन्द कर अपने तरीके से काम कर रहा है और राजनैतिक कार्यकर्ता पंगु बन गया है। वह चट्टी चौराहों पर डिप्रेशन में गलत शब्दों का प्रयोग कर रहा है। उसको दर्द है।2022 का चुनाव सामने है, लोग बहुत से ऐसे सवाल है जिसका जवाब चाहते है। 

कहे कि अस्पताल निरीक्षण के वक्त मुख्यमंत्री के आंख में मिर्ची झोंक दिया गया , मुख्यमंत्री को सब चीज सुंदर ही दिखा। अस्पतालो की स्थिति सुधरने के बजाय और बगड़ती ही जा रही है। जिले की जनता बाढ़ से परेशान है। लोग त्राहिमाम त्राहिमाम कर रहे है। कहे कि सोमवार को बाढ़,किसान और अस्पताल के मामलों को लेकर जिलाधिकारी से मिलकर पत्रक सौंपेंगे।