Breaking News

जब महिला सशक्त होगी तब राष्ट्र होगा सशक्त ,भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित - केंद्रीय गृह राज्य मंत्री




 क्षेत्र, जिला एवं महानगर के  पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक

ए कुमार

वाराणसी ।।  केंद्रीय गृह राज्यमंत्री,भारत सरकार अजय मिश्र  ने शनिवार को सर्किट हाउस में काशी क्षेत्र, वाराणसी के जनप्रतिनिधियों तथा जिले एवं महानगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे अंदर के कार्यकर्ता भाव की अनुभूति करते हुए मैंने आप सभी के साथ बैठक करने का आग्रह किया।

 उन्होंने कहा कि भाजपा जिस तरह काम करती है, उसके परिचय  की कोई आवश्यकता नहीं है। एक समय था जब हमारे पुराने कार्यकर्ता कहा करते थे कि हम लोगों की हंसी उड़ाया जाता था, कि जब हम लोग बूथ पर बैठकर चुनाव के समय काम करते थे,तो उस बूथ पर मात्र दो या तीन वोट हम सभी को मिलते थे। मगर आज आप सभी कार्यकर्ताओं के बदौलत भाजपा विश्व  के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में लोगो की सेवा कर रही है।

गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने कहा कि जम्मू कश्मीर में देश के संविधान को लागू कराना हमारे लिए चुनौती थी। मगर हमारे प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही धारा 370 हटा कर इसे संभव किया जा सका है।

श्री मिश्र ने कहा कि जो वंचित व कमजोर है, ऐसे लगभग 40 करोड लोगों के पास घर नहीं है, मोदी जी के नेतृत्व में सभी योजनाओं का लाभ उन सभी तक पहुंच रहा है।  हमारी संस्कृति ऐसी है कि हर परिवार के केंद्र में महिला होती है। हमारे देश में हमेशा महिलाओं का सम्मान हुआ है। जब तक महिला सशक्त नहीं होगी, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं होगा।

 कहा कि केंद्र सरकार ने 80% सीमांत किसानों के कल्याण के लिए, उनके जीवन में बदलाव के लिए उनके हितों में महत्वपूर्ण कार्य किया। कहा कि पूरे देश में 10 करोड़ से अधिक शौचालय, 2 करोड़ से अधिक घर तथा 8 करोड़ से अधिक निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजना है कि सन 2024 तक प्रत्येक घरों में पानी की सुविधाएं हो। उन्होंने कहा कि सन 1835 की मैकाले की शिक्षा नीति से हमारा देश प्रभावित हो रहा था। अब नयी शिक्षा नीति से आगे आने वाले 10 से 15 वर्षों में अमूलचूल परिवर्तन दिखाई देगा।

 उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जी पूरे देश में लगातार देशवासियों से उनकी समस्या के बारे में संवाद कर, चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कभी भी संवाद के दौरान भारतीय जनता पार्टी का नाम नहीं लिया और ना ही कभी वोट मांगा।

 मोदी जी के नेतृत्व में ही भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और इस बार धारा 370 हटाकर श्रीनगर के लाल चौक में, देश के अन्य स्थानों की भांति जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। मोदी जी भारत की संस्कृति, "वसुधैव कुटुंबकम" के तहत काम कर रहे हैं।

 उन्होंने कहा कि पूरा विश्व जानता है कि भारत एक ऐसा सांस्कृतिक देश है जो किसी का भी बुरा नहीं करता। यही कारण है कि आज भारत के साथ बहुत से कमजोर देश "सुदामा की पोटली" के अनुरूप भाव के साथ भारत के साथ खड़े हैं यही संस्कृति पूरे विश्व में भारत का केंद्र बनेगी।  उन्होंने कहा कि मोदी जी ने सबका साथ- सबका विकास, सबका विश्वास के साथ इस बार 15 अगस्त को एक कड़ी और जोड़ा कि "सबका प्रयास"।

 भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सेवाकार्यों के लिए सबसे ज्यादा प्रयास करता है, क्योंकि वह दूसरे राजनीतिक दलों से हटकर हमेशा राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा रहता है। बैठक के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया।

महानगर मीडिया प्रभारी किशोर कुमार सेठ के अनुसार बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व  विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, मीना चौबे, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, चेतनारायण सिंह, डॉक्टर वीणा पांडेय, डॉक्टर शिवनाथ यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्री निकेतन मिश्रा, महानगर सह मीडिया प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा के साथ जिले एवं महानगर के सभी पदाधिकारी शामिल रहे ।