Breaking News

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में विपक्ष पर खूब बरसे सीएम योगी : बोले-देश विरोधी नारे लगाने वाले विपक्ष का चेहरा करना होगा बेनकाब

 




 




ए कुमार

लखनऊ ।। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति  की बैठक में शुक्रवार को सीएम योगी विपक्ष पर जम कर बरसे। कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमें देश विरोधी विपक्ष का चेहरा बेनकाब करना होगा। आतंकवादियों के शुभचिंतक विपक्ष की नकारात्‍मकता से लोगों को बचाना होगा। योगी ने कहा कि लव जेहाद के खिलाफ हमने कदम उठाया तो विपक्ष को परेशानी हो रही है। उन्‍होंने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के भ्रम और छल से सतर्क रहने की नसीहत देते हुए बूथ स्‍तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया । 

भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यसमिति के मंच से सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा कि हमें बताना होगा कि ये जो कह रहे हैं उसका मतलब क्‍या है। विपक्ष के फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करना होगा। लोगों को  विपक्ष की नकरात्मकता से बचाना होगा। याद रखिये कोरोनाकाल में ये चेहरे कहीं नही दिखाई दिए। ये लोग अपने अपने स्तर पर सिर्फ भ्रम  की स्थिति पैदा करके नकरात्मक स्थितियां पैदा कर रहे थे। विपक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कैसे बयानबाजी कर रहा है। इसे लोगों को बताना होगा। मतांतरण के मुद्दे पर मूकबधिर बच्चो को टूल बनाकर,उन्हें अपनी ही व्यवस्था के खिलाफ खड़ा करके भयानक स्थितियां पैदा करने की कुत्सित चेष्टा कर रहे थे। 

योगी ने कहा कि लखनऊ के आतंकवाद के मुद्दे पर कैसे बयानबाजी करते हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय मे कचहरी ब्लास्ट, बिजनौर सीआरपी एफ कैम्प के हमलावरों के केस वापस करवाने वालों का कल आगरा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाना इनके चरित्र और चेहरे को उजागर करता है। लव जिहाद कर खिलाफ हमने कदम उठाया तो इनको परेशानी हो रही है। हमको लोगों को बताने की जरूरत है कि ये  जो कह रहे हैं वो क्या है,हमें इनके चेहरे बेनकाब करने होंगे। 

योगी ने कहा कि 4 वर्ष पहले गांव गरीब किसान,नौजवान,महिलाएं सरकार के एजेंडे में नही होते थे। ये सिर्फ वोटबैंक तक सीमित होते थे। लेकिन इनके लिए जो योजनाए बनी उसका परिणाम सामने आ रहा है। आज एक क्लिक पर पैसा गरीब के खाते में जा रहा है। बैंक में भीड़ होती है।  हमने किसी की जाति ,मजहब नही देखा। सबको आवास,सबको समान विद्युत आपूर्ति हो रही है। 1 लाख 21 हजार गांवो तक विद्युतीकरण किया गया। आज़ादी के बाद से अब तक इतना कभी नही हुआ था। सड़कों का जाल बिछा, वर्ना उत्तर प्रदेश के बारे में कहा जाता था जहां से गड्ढे शुरू हों वो उत्तर प्रदेश है। जहां अंधेरा शुरू हो वही उत्तर प्रदेश था। लेकिन प्रदेश वही है। सिस्टम वही है। सरकार में चेहरे बदले और कार्य सम्पन्न हुए। उत्तर प्रदेश के बारे में देश मे छवि बनी कानून व्यवस्था का मानक तय हुआ। 

सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में निवेश का माहौल है। मुम्बई से ढाई लाख करोड़ का निवेश लेकर आ गए। आज उद्योगपति कहते हैं कि 5 साल पहले हम यहां आना नही चाहते थे,लेकिन अब हम यहां निवेश करना चाहते हैं। इसी निवेश के माध्यम से डेढ़ करोड़ रोजगार हमने उपलब्ध करवाये। 4 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरी दी गई। सिर्फ योग्यता पर नियुक्तियां मिली। यही चीजें दिखाती हैं कि पारदर्शी व्यवस्था क्या होती है। 

पंचायत चुनाव में पार्टी की शानदार जीत पर सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये सामान्‍य चुनाव नही था। इतने शांतिपूर्ण तरीके से ये चुनाव सम्पन्न हुए इसकी तारीफ हर जनमानस कर रहा है। पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक मजबूत संगठन की पहचान बना कर रखी। लगभग 7 लाख ग्राम पन्चायत सदस्य ,70 हजार से ज्यादा अन्य प्रतिनिधि, 3 हजार से ज्यादा जिला पंचायत सदस्य चुने गए। 

करीब 16 महीने से महामारी से मानवता जूझ रही है पहली लहर में प्रधानमंत्री जी द्वारा जो प्रबन्धन किया गया वो बेहतर माना गया,दूसरी वेव अचानक आयी,उसमे भी कोविड प्रबन्धन के बेहतरीन कार्य हुए, जीवन को बचाने के लिए टेस्ट,ट्रीट,ट्रेस के कार्य किये गए। मार्च 2020 में जब पहला केस आया तो हमारे पास टेस्ट की क्षमता नही थी,जबकि आज हम 4 लाख टेस्ट प्रतिदिन कर रहे हैं। 

उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य है जिसने 6 करोड़ से ज्यादा टेस्ट किये। कोरोना प्रबन्धन में निगरानी समितियों द्वारा जो ग्रामीण,नगरीय क्षेत्र में कार्य हुए वो अद्भुत हुए। 72 हजार निगरानी समितियों के माध्यम से मास्क,सेनेटाइजर उपलब्ध करवाये गए। कोरोनाकाल में प्रबंन्धन के लिए प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर पैकेज, विकलांग, दिव्यांग के पेंशन,खाद्यान्न वितरण सबका बेहतरीन प्रबन्धन हुआ। 

भारत सरकार के पैकेज से हमने अप्रवासी कामगारों को यहीं पर कार्य के अवसर दिए। योगी ने सतर्क करते हुए कहा कि कोरोना अभी खत्म नही हुआ है। ये सदी की सबसे बड़ी महामारी है,इस से जीवन बचाना है। आजीविका भी बचाना है। 

खाद्यान योजना से एक बार मे 15 करोड़ लोग लाभान्वित होते हैं। इसे हम आगे बढ़ा सकें तो बढ़िया होगा । वैक्सीन के लिए प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद है। क्योंकि एक साथ दो वैक्सीन बनाई गई । पहली बार महामारी के 9 महीने के भीतर वैक्सीन का निर्माण हुआ। वैक्सीनेशन कार्यक्रम एक राष्ट्रीय कार्यकम है। 

किसानों को मिलने वाली सुविधाएं,सिंचाई की योजनाए, दशकों से लंबित पड़ी योजनाए हमने लागू की हैं। किसान को सिंचाई के लिए जल मिल जाये तो उसकी आमदनी बढ़ जाती है। हर घर नल का कार्य बुंदेलखंड,विंध्य क्षेत्र के हर गांव में जारी है। दिसम्बर तक लक्ष्य है कि इसे लगभग पूरा किया जाए। 50 हजार और गांवो में भी पहुचाने की कार्ययोजना है। गन्ना किसानों की समस्याओं का निदान हो रहा है। चीनी मिल सुचारू रूप से जारी हैं। 

शिक्षा के क्षेत्र में नकलविहीन परीक्षाएं,उच्च शिक्षा में नए विश्विद्यालय खोलने,अभ्युदय कोचिंग योजना,मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में 2017 के बाद से 30 नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। आस्था को लेकर हमारा सड़क से जो संघर्ष होता था,रामजन्मभूमि मंदिर का निर्माण और नई अयोध्या के रूप में रोडमैप को बढ़ाने का कार्य जारी है। प्रयागराज कुम्भ हमारे लिए एक अवसर था। 

इज़ ऑफ डूइंग बिजनेस की रैंकिंग में प्रदेश दूसरे नम्बर पर पहुंचा और प्रयास है की हम पहले स्थान पर पहुचें। सीएम योगी ने विपक्ष पर सवाल करते हुए पूछा कि 1950 से लेकर 2017 तक प्रति व्यक्ति आय क्या थी। जबकि 4 वर्ष में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय  नेशनल लेवल से थोड़ी ही कम रह गई है। 

पिछले 4 वर्ष के दौरान लोककल्याण संकल्प पत्र के सभी कार्य पूरे हुए। सभी विभागों ने लक्ष्य तय करके कार्य पूरे किए। भ्रष्टाचार के लूप होल्स को हमने चिन्हित करके कार्रवाई की। माफियों की उन प्रवित्ति को हमने खत्म करने का कार्य किया। करीब 1200 करोड़ की संपत्ति  हमने जब्त की। 

योगी ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण सूची पर हमको ध्यान रखना होगा। हमको पता होना चाहिए कि विरोधी हमसे ज्यादा तेज होगा। एक तो वो हमारा फॉर्म भरने न देगा,दूसरा अपना फेक वोटर तैयार कर देगा। इसको लेकर सतर्क रहना होगा।


परदेश महामंत्री सुनील बंसल का उद्बोधन

 भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के तृतीय सत्र में प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल ने संगठन की आगामी कार्यक्रमों व अभियानों को पटल पर रखते हुए कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए हमें अनवरत कार्य करते रहना है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए हमें अपनी संगठनात्मक संरचना को और भी मजबूत व सुदृढ करना है।

उन्होने पार्टी द्वारा आगामी दिनो ंमें चलाए जाने वाले कार्यक्रमों व अभियानों की रूपरेखा पेश करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा आगामी दिनों में जिला स्तर पर तथा मण्डल स्तर पर कार्यसमिति बैठकें आयोजित करेगी। कोरोना की तीसरी लहर की चुनौती को देखते हुए स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करेगी। जो गांव, वार्ड, मोहल्लो में जाकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराएगें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 56 हजार गांवों, तथा 12 हजार वार्डों मेें एक युवा तथा एक महिला हेल्थवालंटियर के तौर पर काम करेगें। स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनाने का काम 20 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण का अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 23, 24 व 25 जुलाई को पार्टी पूरे प्रदेश में विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाएगी। जिसमें सर्विस प्रोवाइडर जैसे दूध, सब्जी, फल, राशन विक्रेता तथा टैक्सी, ठेला चालक, रेहड़ी, पटरी, दुकानदार सहित सभी सर्विस प्रोवाइडर वर्ग को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक भी करेगें तथा उनका पंजीकरण कराने में भी सहायता की जाएगी साथ ही अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हो सके इसके लिए भी पार्टी कार्यकर्ता जागरूकता अभियान चलाएगी।  उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण अन्न योजना में सभी पात्र लाभान्वित हों इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता विशेष प्रयास करेगें। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को प्रदेश के सभी बूथों पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता आमजनता के साथ मिलकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मन की बात को सुनेगें।

प्रदेश में शीघ्र ही प्रदेश के सभी सेक्टरों पर शक्तिकेन्द्र प्रमुख तथा संयोजक मण्डल अध्यक्षों तथा मण्डल प्रभारियों, मण्डल महामंत्रियों के साथ बैठकें करेगें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 825 ब्लाकों में आगामी 26 जुलाई से 31 जुलाई तक पार्टी के चुने हुए प्रधान व बीडीसी सदस्यों का ब्लाक स्तर पर अभिनंदन किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी दिनों राजधानी लखनऊ में जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुखों के सम्मान की योजना भी है। श्री बंसल ने कहा कि पार्टी के बूथ समिति सत्यापन अभियान के तहत 16 अगस्त से 15 सितम्बर तक प्रत्येक बूथ समिति का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। पार्टी के मण्डल से लेकर प्रदेश पदाधिकारी तथा प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, आयोगों, निगमों, बोर्डो के अध्यक्ष व सदस्य, नगर निकाय, त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य प्रदेश के सभी 27262 शक्तिकेन्द्रों के सभी बूथों पर पहुंचकर बूथ समिति का भौतिक सत्यापन करेगें।

 

 प्रदेश प्रभारी श्री राधा मोहन सिंह जी का उद्बोधन

 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्री राधामोहन सिंह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश काफी लम्बे समय से प्रश्न प्रदेश रहा है। भ्रष्टाचार, माफिया, आतंक, तुष्टीकरण आदि अनेक प्रकार की समस्याएं यहाँ के लोक जीवन की चुनौती रही है। आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनजीवन के लिए चुनौती बनी समस्याओं का समाधान प्रस्तुत किया है। उत्तर प्रदेश अब प्रश्न प्रदेश नहीं है। अब यह प्रदेश वास्तव में उत्तर प्रदेश है।

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने तमाम समाज विरोधी हमलों को नाकाम किया है। जोर जबरदस्ती के धर्मान्तरण से प्रदेश और पूरे देश की जनता व्यथित रही है। योगी जी के नेतृत्व में जबरदस्ती के धर्मान्तरणों पर कठोर कार्यवाही की जा रही है। आतंकवादी उत्तर प्रदेश में अब आदर के पात्र नहीं है। इसके पहले की सरकारों ने आतंकवादियों का महिमा मण्डन किया था उन पर चल रहे मुकदमे भी वापस लेने की कार्यवाही चल रही थी। अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों के विरूद्ध सरकार कठोरतम कदम उठा रही है। मजहब आधारित तुष्टिकरण करने वाले लोग हासिये पर हैं। संगठित अपराध और अपराधियों पर आक्रमण जारी है। माफिया तत्वों पर कार्यवाही हो रही है। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर योगी सरकार की प्रतिबद्धता प्रसंशनीय है। योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक आदर्श राज्य के रूप में विकसित हुआ है।

उन्होने कहा कि विश्वव्यापी कोविड महामारी से जूझते हुए योगी सरकार ने देश को नया माॅडल दिया है। माननीय प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री की कर्मठता की प्रसंशा की है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर के समय भीषण संक्रमण को रोकने के लिए भी योगी जी की प्रसंशा की है। कोविड प्रबन्धन के लिए योगी सरकार की प्रशंसा विश्व स्वास्थ्य संगठन व अन्य देशों ने भी की है। देश की सर्वोच्च न्यायपीठ ने भी सरकारी प्रयासों की प्रशंसा की है। कोविड के टीकाकरण में भी उत्तर प्रदेश प्रथम है। प्रदेश में लगभग चार करोड़ लोगों को निःशुल्क टीका लगाया गया है। 86 लाख किसानों के खाते में सीधे धन भेजा जा रहा है। राज्य के करोड़ोें लागों के खाते में दीपावली तक मुफ्त राशन देने के लिए आज की यह कार्यसमिति मोदी सरकार एवं योगी सरकार को बहुत-बहुत बधाई देती है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब जातिवाद, परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण समाप्त हो रहा है। विकासवाद की लहर है। उत्तर प्रदेश में विकास की यह लहर सुस्पष्ट दिखाई पड़ रही है। सबका साथ सबका विकास का नारा सच हो रहा है। प्रधानमंत्री माननीय मोदी जी ने कल वाराणसी के अपने भाषण में कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार अब भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं बल्कि विकासवाद से चल रही है। उत्तर प्रदेश में जन कल्याण की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है। नये उद्योगों का निवेश हो रहा है। नवजवानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। यहां संविधान का राज है। माफिया और कानून तोड़ने वाले तत्वों पर कानून का शिकंजा है। बहन बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गयी है।

उन्होने कहा कि अंत्योदय के दर्शन से प्रेरित उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख शक्ति बनाने की आकांक्षा और आग्रह से प्रेरित आत्मनिर्भर भारत के मोदी मंत्र से उत्प्रेरित योगी सरकार की शासन दृष्टि, नीति कार्यान्वयन तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री जी की प्रतिबद्धता ‘‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’’ की दृष्टि से मुख्यमंत्री योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर नित नये आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होने कहा कि कार्य समिति को प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी व मुख्यमंत्री श्री योगी के नेतृत्व में हम सब उत्तर प्रदेश को आदर्श राज्य बनाने की राह पर निकल पड़े हैं। हमारी सरकार की पहचान ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए है। भाजपा ने हमेशा चुनौतियों का सामना करते हुए जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम किया है। जनता में अब विश्वसनीयता का संकट खत्म हुआ है।


उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा जी का उद्बोधन

  उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रिकार्ड निवेश प्रदेश में आया है। परिवर्तित यूपी की संकल्पना साकार हुई है। एक अलग उत्तर प्रदेश का उभार हो रहा है तथा यह बदलाव पूरा देश देख रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने  कहा कि कुशल नेतृत्व के मार्गदर्शन व कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी की विजय यात्रा को नई दिशा मिली है। यह यात्रा 2014 से अनवरत रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि  इस कार्यसमिति की बैठक का महत्व इसलिए अधिक है क्योंकि आने वाले समय में पार्टी विधानसभा चुनाव की परीक्षा की चुनौती का सामना करने जा रही है। डा शर्मा ने कहा कि हाल में विपक्ष का रवैया नकारात्मक व दुष्प्रचार का रहा है। कोरोना जैसे संकट काल में भी वह जनता की मदद करने के बजाए सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने में ही लगा रहा है। विपक्ष का यह रवैया बदस्तूर जारी है। इस सबके बावजूद जब तुलनात्मक रूप से जनता के बीच कार्यकर्ता जाता है तो उसका सीना सरकार की उपलब्धियों के चलते चैडा रहता है। सरकार की हर क्षेत्र में उपलब्धियां बेमिसाल रही है तथा नेतृत्व भी बेजोड है। सरकार व संगठन के बीच में बेहतर तालमेल से जो काम हुआ है उसके सफल परिणाम सामने आए हैं। कोरोना जैसे संक्रमण काल में जब दुनिया के तमाम देश कराह रहे थे तब भी राज्य सरकार के बेहतर प्रबंधन ने जनता को सुरक्षा कवच प्रदान किया। मार्च 2020 में कोरोना के आरंभ के समय में प्रदेश में कोरोना की जांच की सुविधा नहीं थी पर आज प्रदेश में सबसे अधिक जांच हो रही हैं। कोरोना काल में हर प्रकार की सुविधा देने के साथ ही सेवा ही संकल्प के जरिए मेडिकल किट का वितरण किया गया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना जैसी महामारी के समय में भी जनता की मदद की और कुछ ने तो इस सेवा काल में प्राणों की आहूति भी दी। सेवा के लिए ऐसे समर्पण की भावना केवल पार्टी के कार्यकर्ताओं में ही है। जब भाजपा के कार्यकर्ता जनता की मदद कर रहे थे तब विपक्ष के नेता अपने घरों मे छिपे बैठे थे। विपक्ष का कोई भी बडा नेता फील्ड में नहीं आया इसके विपरीत  मुख्यमंत्री ऐसे समय में कोरोना से जनता के बचाव के लिए बैठक कर रहे थे जब उनके पिता बीमारी से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। मुख्यमंत्री कोरोना से ग्रसित होने के बाद एक दिन भी रुके नहीं तथा जनता तक सरकारी सुविधा  पहुचे इसके लिए खुद भी फील्ड में गए। यह अन्तर है भाजपा और अन्य दलों के नेतृत्व के बीच में।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का तो यह हाल था कि वैक्सीन के आने के पूर्व ही उसने इस पर सवाल खडे करने शुरु कर दिए थे। सबने देखा है कि वैक्सीन आयी और सफल भी हुई। प्रदेश में 3 लाख अधिक जांच प्रतिदिन हुई। इसी प्रकार की अनगिनत उपलब्धियों के चलते ही भाजपा के कार्यकर्ता को सिर उठा कर चलने का अवसर मिलता है। राम मंदिर को लेकर भाजपा पर तंज करने वालों को भी अब जवाब मिल गया है। कोर्ट के निर्णय के बाद अब मंदिर भी बन रहा है। अयोध्या के स्वरूप को बदला जा रहा है। देश व प्रदेश में सांस्कृतिक बदलावों के साथ ही राज्य में भी तमाम बदलाव आए है। शिक्षा के क्षत्र में क्रान्तिकारी परिवर्तन हुए हैं। बिना किसी की गिरफ्तारी के नकल विहीन परीक्षाए हुई है। आजादी के बाद पहली बार कोर्स भी बदला गया है। विश्वविद्यालयों में शोध पीठों की स्थापना के साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में क्रान्ति लेकर आई है। सरकार ने चार साल में 215 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों का निर्माण कराया है जबकि पूर्व की  गैर भाजपा सरकारों के 15 वर्ष  में मात्र 48 माध्यमिक विद्यालय ही बने। करीब 10 विश्वविद्यालय बने हैं। वर्तमान सरकार माफिया के खत्मे के लिए काम कर रही है। पिछली गैर भाजपा सरकारों पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में माफिया को  किसी प्रकार का संरक्षण नहीं है।


उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी का उद्बोधन

  भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की आज हुई बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह यथार्थ है कि भाजपा संगठन और सरकार  के काम से कार्यकर्ताओं मे अभूतपूर्व मनोबल की वृद्धि हुयी है।

उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 में चुनावों में हमारी परीक्षाएं हो चुकी हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में 7 साल में बहुत अच्छे परिणाम मिले है। कार्यकर्ताओं के मनोबल मे अभूतपूर्व वृद्धि हुयी है। उन्होंने कहा सरकार के काम और संगठन की मजबूती के बल पर हम विरोधियों का सूपड़ा साफ कर देगे।

उन्होंने कहा विरोधी पार्टी के प्रदर्शन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं। अलकायदा के आतंकवादियों को पकड़ा जाता है, तो उस पर सवाल उठाया जाता है। अराजकता और गुंडों को बैठने का मौका किसी भी कीमत पर जनता नहीं देती। उन्होंने कहा सपा, बसपा और कांग्रेस मिलकर भी चुनाव लड़ लें तो भी वह किसी कीमत पर हम से आगे नहीं जा पाएंगे।

श्री मौर्य ने कहा कि 100 में 60 हमारा है, 40 में बटवारा है और 40 में भी हमारा  है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार से समाज का हर वर्ग खुश है और 2022 के चुनाव में सभी लोग फिर से भाजपा को सत्ता में अभूतपूर्व जीत दिलाने के लिए कृतसंकल्पित है। आगामी चुनाव में विरोधियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

उन्होने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, धारा-370 जम्मू कश्मीर से हटायी गयी। अयोध्या में राम मंदिर, तो काशी में बाबा विश्वनाथ कारीडोर और मथुरा में भव्य विकास हो रहा है। वातावरण भाजपा के पक्ष में है। विरोधी चाहे जितनी कोशिश कर ले, किसी भी कीमत पर उन्हें सत्ता नहीं मिलेगी। मा0 नरेंद्र मोदी जी व मा0 योगी जी नेतृत्व में हम 325 प्लस लक्ष्य हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा गठबंधन की गांठ अभी बंधी ही नहीं और टूटनी शुरू हो गयी। हम जनता को न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे। गुंडे, माफियाओं, मकानो और जमीनों पर कब्जा करने वालो, पुलिस और प्रशासन का राजनीतिकरण करने वाले लोगों को जनता कभी भी सत्ता में नहीं आने देगी। जनता का विश्वास भाजपा के प्रति और भी दृढ़ हुआ है। हमारी सरकार जनअंकाक्षाओं पर खरा उतरने में सफल रही है।

श्री मौर्य ने कहा कि आज मोदी और योगी की सरकार में गरीबो को 5 लाख तक मुफ्त चिकित्सा दी जा रही है। विरोधियों के पास जातिवाद तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व परिवारवाद है जबकि हमारे पास विकासवाद व राष्ट्रवाद है।

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान सेवा का बड़ा कार्य कर आमजन की सहायता व उसकी मदद करने में बढ़ चढ़कर सहभागिता की है। उन्होंने पंचायत चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के लिए सभी को बधाई व शुभकामनाएं दी। श्री मौर्य ने कहा कि विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ व भ्रम के सहारे अफवाह फैला रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लहर भाजपा के पक्ष में है। 2022 में फिर से हम 325 प्लस सीटों के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएंगे।