Breaking News

भाजपा राज मे आम जनता कर रही है त्राहि त्राहि :मनोज सिंह

 



शशिकांत ओझा

बैरिया(बलिया) ।।  समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज सिंह ने प्रदेश सरकार पर सभी जनहित के मुद्दों पर विफल होने का आरोप लगाते हुए चार वर्ष शानदार के नाम पर जश्न मनाने को आड़े हाथों लेते हुए, कहा कि प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, और सरकार जश्न मना रही है। श्री सिंह शुक्रवार को बैरिया स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बैरिया विधानसभा के समस्याओं की तरफ पत्रकारों का ध्यान अपेक्षित करते हुए कहा कि यह हाल अकेले बैरिया विधानसभा क्षेत्र का नहीं है। बल्कि पूरे प्रदेश में यही स्थिति है। सड़क बिजली शिक्षा चिकित्सा सुरक्षा सब कुछ पूरी तरह से बदहाल है। 

कहा कि मुख्यमंत्री सपा सरकार द्वारा स्वीकृत कराए गए कार्यों का फीता काटकर अपना पीठ थपथपा रहे हैं। किंतु इस प्रदेश की जनता सब कुछ जानती है। सही समय पर इसका जवाब इन लोगों को मिल जाएगा। मनोज सिंह ने सोनबरसा में 100 बेड के अस्पताल की चर्चा करते हुए कहा कि पैसे के अभाव में अस्पताल का निर्माण कार्य ठप है। भाजपा के जनप्रतिनिधि अपने ही सरकार में अस्पताल बनाने के लिए पैसा रिलीज नहीं करा पा रहे हैं। एनएच 31 के निर्माण में मानक का उल्लंघन और काफी धीमी गति से कार्य होने के लिए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए मनोज सिंह ने कहा कि लगता है, इस मामले को उच्च न्यायालय में ही ले जाना पड़ेगा। पूरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क पर उड़ने वाले धूल के गुबार से लोग परेशान हैं। लेकिन जनप्रतिनिधियों को या दिखाई नहीं देता बिजली की स्थिति बदहाल है। हाईटेंशन के तार टूटने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके भाजपा सरकार एचटी के तारों को बदलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बलिया जनपद से 28 किलोमीटर दूर ही समाप्त हो जा रहा है। बिहार में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जा रहा है, किंतु बलिया के रास्ते माझी घाट तक उसे लाने में यहां के जनप्रतिनिधि बुरी तरह विफल है। सुरेमनपुर दियराचंल  में विकास कार्य बाधित होने आए दिन आग लगी की घटनाएं होने सहित बैरिया विधानसभा की तमाम समस्याओ को रेखांकित करते हुए कहा कि 2022 में फिर सपा की सरकार बनेगी।और हमारी सरकार पुनः प्रदेश के विकास को गति देगी। उन्होंने शिवपुर घाट पर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य में भी देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस जिले में भाजपा के पांच सांसद और पांच विधायक मंत्री हो वहां का विकास ठप्प हो या कैसी विडंबना है। उन्होंने कहा कि सही मायने में भाजपा सरकार को आम लोगों के समस्याओं से कुछ भी लेना देना नहीं है। केवल जाति धर्म का नारा देकर लोगों के बीच में विभेद पैदा करके शासन करना है। 

मनोज सिंह ने स्पष्ट किया है कि सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा की सरकार केवल अपने विकास मैं लगी हुई है। भ्रष्टाचार 500 गुना से ज्यादा बढ़ गया है। गरीब की बात कोई सुनने वाला नहीं है। अधिकारी असंवेदनशील और जनप्रतिनिधि तानाशाह हो चुके हैं।बलिया से मांझी घाट तक एनएच 31 बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। 6 महीने में महज 3 किलोमीटर सड़क का कार्य हो पाया है। ऐसे में बलिया से माझी घाट तक सड़क को ठीक करने में वर्षो लग जाएगा। दारू बालू और गोवंश की तस्करी जोरों पर है। वही किसानों का बुरा हाल हो चुका है। कोरोना के बहाने ट्रेनों के किराए में तीन गुना से अधिक वृद्धि कर दी गई है। गरीबों के रोजी रोजगार चले गए हैं। केवल कागजी आंकड़े प्रस्तुत किए जा रहे हैं। जिसका यथार्थ के धरातल से कोई लेना देना नहीं है।सपा नेता ने भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए जनता से आग्रह किया है की इनके हर गलत कार्यों का विरोध किया जाए। पत्रकार वार्ता के समय मनोज सिंह के साथ बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे ।