Breaking News

विश्व बालिका दिवस पर जान्हवी सिंह बनी एक दिन के लिये थानेदार





रमेश चंद गुप्ता

दुबहड़ बलिया ।। बालिकाओं में विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं कर्तव्यबोध पैदा करने के उद्देश्य से बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय थाना दुबहड़ पर थाना प्रभारी अनिल चंद्र तिवारी द्वारा स्थानीय दुबहड़ निवासी जान्हवी सिंह पुत्री शिवदयाल सिंह को एक दिन के लिए थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। इस दौरान बालिका जान्हवी सिंह ने थाने में आए फरियादियों की फरियाद भी सुनी एवं अपने बुद्धि विवेक के अनुसार मामले को आपस में सुलझाने का निवेदन किया। थाना के कर्मचारीगणों से कहा कि फरियादियों के मामले का निस्तारण कानून व्यवस्था के अनुसार निष्पक्ष एवं भेदभाव रहित करें।



 इस मौके पर थाना प्रभारी अनिल चंद्र तिवारी ने कहा कि समाज में गलत परंपराओं एवं कुरीतियों के कारण महिलाओं के साथ भेदभाव किया जाता है। रूढ़िवादी विचारधारा के माता पिता एवं उनके अभिभावक महिलाओं को अपने घर का कामकाज संभालने, भाई बहनों एवं बच्चों की देखभाल करने तक ही सीमित रखते थे। जो सर्वथा अनुचित है। आजकल भारतीय महिलाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रही हैं।कन्याओं को अभिशाप मानने वाले रूढ़िवादी लोग यह भूल जाते हैं कि हमारे भारत में देवी दुर्गा को कन्या के रूप में पूजा जाता है। हमारे भारतवर्ष को भारत माता के रूप में मान्यता दी गई है। महिलाओं द्वारा भारत में अनेक क्षेत्रों में ऊंची उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद वास्तविकता यह है कि महिलाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य आदि बुनियादी सुविधाओं सहित बाल विवाह से सुरक्षा के अधिकार से वंचित हैं। अब कन्या शक्ति को जागरूक एवं सशक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक लोगों को बढ़-चढ़कर आगे आना होगा। इस अवसर पर क्षमा सिंह पुत्री स्व• अंजनी सिंह, पूजा सिंह पुत्री स्व• अंजनी सिंह, प्रिया कुमारी गुप्ता पुत्री लक्ष्मण गुप्ता राधा गुप्ता पुत्री लक्ष्मण गुप्ता, शालू कुमारी गुप्ता पुत्री लल्लन गुप्ता, ललिता पाल पुत्र राम आधार ग्राम- दलन छपरा थाना दोकटी, श्वेता पुत्री ओमप्रकाश प्रसाद ग्राम व थाना- दोकटी एवं  दुबहड़ थाने के स्टाफ एवं कर्मचारी आदि मौजूद रहे।