Breaking News

मौसम समाचार : 24 घंटे के भीतर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना, 20 तक आएगा मानसून



लखनऊ ।। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार की सुबह तेज हवा और बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। गर्मी से राहत का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहने का अनुमान है। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि राजस्थान में चक्रवातीय दबाव और पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ा है। इस वजह से आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
रिपोर्ट के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर जबकि पश्चिमी भागों में कुछ जगहों पर बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
जेपी गुप्ता ने बताया कि मौसम का यह मिजाज शुक्रवार तक बना रहने की सम्भावना है। गुप्ता ने बताया कि शनिवार से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने बताया कि अभी तक की स्थिति के अनुसार प्रदेश में मानसून 20-22 जून तक पहुंचेगा।

इस बीच, मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान नीमसार में सबसे ज्यादा नौ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बाराबंकी, कैसरगंज और फतेहपुर में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। इस बारिश से प्रदेश के विभिन्न मण्डलों में तापमान में खासी कमी दर्ज की गई। वाराणसी, कानपुर, झांसी, इलाहाबाद, लखनऊ, आगरा और मेरठ मंडलों में दिन का तापमान काफी कम रहा।