Breaking News

देवरिया : हेडमास्टर के चार्ज को लेकर स्‍कूल में दो शिक्षिकाओं का झगड़ा, जमकर मारपीट, कई घायल

हेडमास्टर के चार्ज को लेकर स्‍कूल में दो शिक्षिकाओं का झगड़ा, जमकर मारपीट, कई घायल 

देवरिया 20 फरवरी 2020 ।।देवरिया में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हेडमास्टर का चार्ज को लेकर दो महिला अध्यापकों के बीच जमकर विवाद हुआ। महिला शिक्षकों के साथ आए लोगों के बीच आधे घंटा तक ईट पत्थर चले और धारदार हथियार से एक दूसरे पर हमला किया। इसमें एक पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के इन्दूपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पूनम सिंह और कुसुम सिंह सहायक अध्यापक के रुप में तैनात हैं। कार्यवाहक हेडमास्टर के रूप में कुसुम सिंह काम कर रही थी। इस बीच बीएसए ने जनवरी माह में पूनम सिंह को हेडमास्टर का चार्ज लेने के लिए आदेश किया। इसके बाद कुसुम सिंह कोर्ट चली गई। बुधवार को दोनों सहायक अध्यापक चार्ज को लेकर दोपहर करीब 12 बजे आमने सामने हो गई। विद्यालय परिसर में ही दोनों लोग विवाद करने लगीं। दोनों शिक्षिकाओं ने मोबाइल फोन से अपने अपने परिजनों को बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों परिवार के सदस्य स्कूल में पहुंच गए।


देखते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर ईंट- पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक पक्ष से शिक्षिका पूनम(40), अंकित(25)पुत्र हरिकेश सिंह, अमित सिंह(23) पुत्र हरीशचन्द्र सिंह, दीपक सिंह(36)पुत्र स्व. सुदर्शन सिंह और आदित्य(24) पुत्र देवेन्द्र घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी शिक्षाविभाग के आलाधिकारियों को हुई। जानकारी होने पर बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव व बीईओ ज्ञानचन्द्र मिश्र विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने घटना के बारे में लोगों व शिक्षकों से जानकारी ली। शिक्षिका पूनम ने घटना की जानकारी थानेदार और अन्य अधिकारियों दी।
प्रकाश नारायण श्रीवास्तव, बीएसए
उच्च प्राथमिक विद्यालय इन्दूपुर नम्बर एक पर तैनात दो शिक्षकों में विवाद हुआ था। विद्यालय पर गया था, लेकिन दोनों शिक्षिका मिली नहीं। अन्य शिक्षकों से इसके बारे में जानकारी की गई। किसी ने कोई विवाद की जानकारी होने से इंकार किया है। विद्यालय के बाहर कोई मारपीट हुई हो तो इसकी जानकारी मुझे नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

विजय सिंह गौर, थानेदार
इन्दूपुर स्थित परिषदीय विद्यालय में मारपीट की घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।