Breaking News

अयोध्या : सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम की प्रतिमा का किया अनावरण

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम की प्रतिमा का किया अनावरण
ए कुमार



अयोध्या 7 जून 2019 ।।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अयोध्या पहुंचे और उन्होंने शोध संस्थान में भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम आज अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंचे।

साथ ही सीएम योगी ने शोध संस्थान में लगाई गई कलाकृतियों और चित्रों का अवलोकन किया।
रामनगरी में विश्व की सबसे ऊंची 221 मीटर की भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। पर्यटन विभाग की ओर से भूमि के अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसमें सरयू किनारे 222 लोगों की 28.2864 हेक्टेयर भूमि ली जानी है। 
इसमें 66 भवन व 5 मंदिरों के अधिग्रहण का भी प्रस्ताव है। भगवान श्रीराम की मूर्ति के लिए योगी सरकार द्वारा पहले ही 200 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया जा चुका है। सरकार इस मूर्ति को भव्यता प्रदान करने की तैयारी में है, ताकि पर्यटकों को लुभाने के साथ-साथ रामनगरी की आध्यात्मिक व धार्मिक को भी विश्वव स्तर पर चमत्कृत कर सकें।

मूर्ति के बेसमेंट में स्थापित होगा भव्य म्यूजियम

मूर्ति के बेसमेंट के अंदर एक भव्य हाल होगा, जिसमें एक म्यूजियम स्थापित किया जाएगा। इस म्यूजियम में भगवान विष्णु के सभी अवतारों की जानकारी और अयोध्या रामजन्मभूमि का इतिहास भी दर्शाया जाएगा।
यहां मूर्ति के अलावा विश्राम घर, श्रीराम की कुटिया और रामलीला मैदान भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। रामनगरी में स्थापित होने जा रही यह प्रतिमा स्टेचू ऑफ यूनिटी से भी ऊंची होगी। स्टेचू ऑफ यूनिटी की ऊंचाई 182 मीटर है, जबकि प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा की कुल ऊंचाई 221 मीटर होगी। इसका आधार 50 मीटर का होगा। इसके ऊपर 20 मीटर ऊंचा छत्र लगेगा।