Breaking News

बलिया में भी दिखा सकता है "फैनी" अपना तूफानी प्रभाव - डा० गणेश पाठक

बलिया में भी दिखा सकता है  "फैनी" अपना तूफानी प्रभाव  - डा० गणेश पाठक



डॉ सुनील ओझा , बलिया 3 मई 2019 ।।
      अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय दूबेछपरा, बलिया के पूर्व प्राचार्य पर्यावरणविद् डा० गणेश कुमार पाठक का कहना है कि फैनी" तूफान जिस गति से उड़ीसा के तटवर्ती क्षेत्रों में टकराया है उसको देखते हुए एवं मौसम विभाग के आँकलन को देखते हुए बलिया में भी अपना तूफानी प्रभाव दिखा सकता है और खासतौर से फसलों की बर्बादी कर सकता है। डा० पाठक ने बताया कि  3 मई को दोपहर11.45 बजे से ही बलिया में भी फैनी तुफान का असर दिखने लगा ।हवा के झोकों के साथ हल्की एवं मध्यम स्तर की वर्षा भी प्रारम्भ हो चुकी है। यद्यपि यह आँधी- तूफान एवं वर्षा फैनी के विधिवत आगमन की पूर्व सूचना है। इसका वास्तविक रूप एवं प्रभाव तो आज रात में दिखाई देगा, जिस समय इस तूफान की गति लगभग 35 - 50 किमी० प्रति घंटा के आस- पास हो सकती है और 2 - 4 सेण्टीमीटर तक वर्षा भी हो सकती है।
      वास्तव में किसी भी चक्रवात की तीन स्थिति होती है। अग्र भाग, मध्यम भाग एवं अंतिम भाग( जिसे चक्रवात की पूँछ भी कहा जाता है) । जब चक्रवात का आगमन हो जाता है तो हवा के झोकों के साथ बादल बनने की भी प्रक्रिया प्रारम्भ हो जाती है और धीरे- धीरे हवा के साथ बादल आगे बढ़ते हुए वर्षा करते हैं। जब चक्रवात का मध्यम भाग ( जिसे चक्रवात का केन्द्रीय भाग भी कहते हैं) गुजरता है तो हवा की गति काफी तीव्र हो जाती है और वर्षा भी तीव्र गति से होने लगती है और चक्रवात काफी उथल- पुथल मचाता है। चक्रवात की अंतिम स्थिति में चक्रवात की गति धीमी होने लगती है और वर्षा की गति भी धीमी है जाती है। कभी- कभी चक्रवात के अग्र भाग एवं मध्यम भाग की स्थिति में अन्तर करना कठिन हो जाता है। ऐसी स्थिति तब आती है जब चक्रवात तीव्र गति से बढ़ते हुए जल्दी ही अग्र भाग पर हावी हो जाता है। आज बलिया में भी फैनी चक्रवात की स्थिति ऐसी ही दिखाई दे रही है। 11.45 बजे से प्रारम्भ हुई हल्की वर्षा 12.15 बजे तक तेज गति से होने लगी । वर्षा तेज होने का यह भी कारण रहा कि हवा का प्रवाह धीमा हो गया, जिससे बाद संघनित होकर वर्षा प्रदान करने लगे।
       सम्भावना है कि बलिया में रात तक चक्रवात का केन्द्रीय भाग( मध्य भाग) गुजरेगा और उस समय तेज गति से पूर्वी हवा प्रवाहित होगी, जिसकी गति 30 - 50 किमी० प्रतिघण्टा हो सकती है और 2 - 4 सेमी० तक वर्षा भी है सकती है। बलिया में इस फैनी चक्रवात का प्रभाव 5 मई तक रह सकता है।
   उड़ीसा में फैनी तूफान 175 - 245 किमी० प्रति घण्टे की गति से टकराया है और यह आगे बढ़ते हुए शाम तक प० बंगाल में कोलकाता तक पहुँच जायेगा, ऐसी सम्भावना मौसम विभाग द्वारा की गयी है। इसके बाद यह तूफान इसके आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़, झारखण्ड, एवं बिहार होते हुए उत्तर- प्रदेश में प्रवेश कर सबसे पहले बलिया में अपना प्रभाव दिखायेगा और गति कम हो जाने पर भी इस क्षेत्र में पेड़- पौधे कम होने के कारण हवा की गति तेज रह सकती है और वर्षा भी तेज हो सकती है। चूँकि इसका प्रभाव 4 मई को भी जनपद में रहने की सम्भावना है , इसलिए अभी भी समय है कि इससे बचने का एहतियात बरता जाय ताकि कमसे कम नुकसान हो सके।