Breaking News

श्रद्धांजली सभा मे बोले बंगाल सपा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह : व्यक्ति की महानता परिलक्षित होती है कर्मो से

नगरा(बलिया) 31 जुलाई 2018 ।।व्यक्ति की महानता उसके कर्मो से ही परिलक्षित होती है। समाज के अंतिम व्यक्ति के साथ हमेशा खड़ा रहने वाला इंसान इस दुनिया में रहे या न रहे किंतु उसकी स्मृतियां हमेशा तरोताजा रहती है। उक्त उदगार सपा के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने समाजवादी चिंतक, लोकतंत्र रक्षक सेनानी स्व.मुनीश्वर भाई कुशवाहा की सातवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को रामलक्षण सिंह बालिका विद्यालय सरायचावट नगरा में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।श्री सिंह ने कहा कि स्व.मुनीश्वर कुशवाहा हमेशा गरीबों के साथ खड़ा रहते थे। स्व.कुशवाहा के आदर्शो को आत्मसात कर ही भय, भ्रष्टाचार मुक्त समाज की स्थापना की जा सकती है, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कहा कि स्व.कुशवाहा जिसकी भी मदद करते थे नि:स्वार्थ भाव से करते थे। उनका सपना था कि समाज के दबे कुचले लोगों के चेहरे पर खुशहाली दिखाई दे।वे सच्चे मायने में समाजवादी एवं गरीबो के मसीहा थे।


इससे पहले अतिथियों ने स्व.कुशवाहा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।तत्पश्चात आयोजक मंडल द्वारा अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों को अंग वस्त्रम से सम्मानित किया गया। समारोह को लोकतंत्र रक्षक सेनानी संगठन के प्रदेश महासचिव राघव जी गुप्ता,पूर्व प्रधान काशीनाथ जायसवाल, राजबहादुर सिंह अंशू,जनार्दन तिवारी, स्वतंत्र देव सिंह,उमेश पांडेय, रामकृष्ण मौर्य,युवा समाजसेवी कृष्णपाल यादव केपी,जयप्रकाश यादव, जिप सदस्य रामजी भाई ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता कालिका यादव तथा संचालन डा.शशि प्रकाश कुशवाहा ने किया। जनता ग्राम विकास संस्थान के मंत्री उमेश चंद कुशवाहा ने आभार प्रकट किया।