Breaking News

पावागढ़ के नाम से पहचाना जाएगा फाजिलनगर, मुख्यमंत्री योगी ने कुशीनगर को दी ₹424 करोड़ की 278 परियोजनाओं की सौगात

 








कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान जनपद को ₹424 करोड़ से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही बड़ी घोषणा करते हुए फाजिलनगर का नाम बदलकर "पावागढ़" किए जाने का ऐलान किया।


जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र भगवान महावीर और प्राचीन पावा नगरी की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसकी पहचान उसी गौरव के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब फाजिलनगर को पावागढ़ के नाम से मान्यता दी जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में कुशीनगर के विकास को नई गति मिली है। जनपद में लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 3 लाख 14 हजार से अधिक परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि आज कुशीनगर के पास अपना मेडिकल कॉलेज है और इसी शैक्षणिक सत्र से महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी शुरू होने जा रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और कृषि अनुसंधान के नए अवसर प्राप्त होंगे।



मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। विकास से निवेश आएगा, निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जब स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा तो यहां की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि होगी। इससे जनपद और प्रदेश दोनों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।


दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और चेक भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा ऊर्जावान और राष्ट्रभक्त है, जबकि मातृशक्ति भारतीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। युवा सामर्थ्य और महिला सशक्तीकरण के बल पर नया उत्तर प्रदेश विकास, आत्मनिर्भरता और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।


कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ प्रगति की समीक्षा भी की।


इस दौरान विकास परियोजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणाएं चर्चा का केंद्र रहीं, वहीं फाजिलनगर को पावागढ़ नाम दिए जाने की घोषणा ने पूरे क्षेत्र को नई पहचान देने का संदेश दिया।