जिले में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर एआई जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन
एआई फ्रॉड से बचाव को लेकर तीन स्थानों पर जागरूकता कार्यशाला
एआई तकनीक के साथ सावधानी जरूरी, कार्यशाला में दी गई सुरक्षा सीख
एआई आधारित धोखाधड़ी से बचाव पर जोर, नागरिकों को किया गया जागरूक
बलिया।।जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को जनपद के तीन प्रमुख स्थानों—राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक कॉलेज, कलेक्ट्रेट सभागार एवं विकास भवन सभागार—में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने की। इस कार्यशाला का उद्देश्य स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित डिजिटल विकल्पों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जनपद के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यशाला के दौरान एआई जागरूकता से जुड़ी कई उपयोगी जानकारियां साझा की गईं। इसमें एक चाय दुकान मालिक की एआई के माध्यम से बदली हुई जीवन यात्रा की कहानी के जरिए यह बताया गया कि तकनीक का सही उपयोग कैसे अवसर पैदा कर सकता है। साथ ही एआई से संबंधित धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुए यह समझाया गया कि किस प्रकार परिचित आवाज की नकल कर लोगों को ठगा जा रहा है। वक्ताओं ने “जब परिचित आवाज जाल बन जाए” जैसे उदाहरणों के माध्यम से एआई आधारित फ्रॉड की वास्तविकता को समझाया और इससे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी कॉल, संदेश या सूचना पर जल्दबाजी में निर्णय न लें, केवल आवाज या चेहरे पर भरोसा न करें और हर स्थिति में सत्यापन अवश्य करें। कार्यशाला में एआई सेफ्टी हाइजीन, डिजिटल सतर्कता और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने कहा कि तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, उतनी ही जिम्मेदारी से उसका उपयोग करना भी जरूरी है, ताकि समाज को इसके दुष्परिणामों से बचाया जा सके। कार्यशाला का समापन डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने और एआई का सकारात्मक व सुरक्षित उपयोग करने की अपील के साथ किया गया। इस कार्यशाला में समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण, समस्त कर्मचारीगण एवं समस्त शिक्षक, विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।





