रेल सफर हुआ थोड़ा महंगा, 26 दिसंबर से लागू होगी संशोधित किराया व्यवस्था
नई दिल्ली।। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के किराये में आंशिक संशोधन करने का फैसला किया है, जो 26 दिसंबर से प्रभावी होगा। नई व्यवस्था के तहत रोजमर्रा और उपनगरीय यात्रियों को राहत देते हुए लोकल ट्रेनों और मासिक सीजन टिकट के किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं लंबी दूरी की यात्राओं में मामूली बढ़ोतरी की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सामान्य श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा पर पहले की तरह ही किराया लागू रहेगा। हालांकि इससे अधिक दूरी तय करने पर प्रति किलोमीटर मामूली बढ़ोतरी की गई है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रति किलोमीटर दो पैसे अतिरिक्त चुकाने होंगे। एसी श्रेणी में भी समान दर से किराये में इजाफा किया गया है।
रेलवे का कहना है कि यह बढ़ोतरी यात्रियों पर अत्यधिक बोझ न डालते हुए परिचालन लागत को संतुलित करने के उद्देश्य से की गई है। उदाहरण के तौर पर नॉन-एसी कोच में 500 किलोमीटर की यात्रा पर अब यात्रियों को करीब दस रुपये अधिक देने होंगे।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस सीमित किराया संशोधन से चालू वित्त वर्ष में लगभग 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है। पिछले कुछ वर्षों में रेलवे के नेटवर्क, सुरक्षा इंतजामों और परिचालन क्षमता में लगातार विस्तार हुआ है, जिसके चलते कर्मचारियों और पेंशन से जुड़े खर्चों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इन्हीं बढ़ती लागतों को देखते हुए यात्री किराये में मामूली बदलाव किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सामाजिक दायित्वों को ध्यान में रखते हुए किराया बढ़ोतरी को न्यूनतम रखा गया है। साथ ही परिचालन दक्षता बढ़ाने और लागत पर नियंत्रण के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।


