Breaking News

कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा का पुरानी पेंशन बहाली के लिये विशाल धरना प्रदर्शन




बलिया।। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के द्वारा गुरुवार के दिन पुरानी पेंशन बहाली आदि 12 सूत्रीय मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने 12 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी रविंद्र कुमार को सौंपा।संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के द्वारा कर्मचारियों की भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही 12 सूत्रीय मांग पत्र का निस्तारण करने की मांग की गयीं है। अन्यथा की स्थिति में इस लड़ाई को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।





कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के जिला मंत्री विवेक सिंह ने कहा कि लगभग 16 लाख कर्मचारियों के पुरानी पेंशन की बहाली एवं कर्मचारियों की सेवा संबंधित अन्य समस्याओं से जहां आर्थिक हानि हो रही है, वहीं सैकड़ों पदों पर आज भी वेतन विसंगति, दैनिक वेतन संविदा कर्मचारियों का स्थायीकरण, रिक्त पदों पर नियुक्ति आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, पद के अनुरूप वेतन,पूर्व में खत्म किये गये कई भत्तों की बहाली,सातवें वेतमान आदि समस्याओं से हमारे कर्मचारी जूझ रहे हैं। लेकिन सरकार कुंभकरणी निद्रा में सोई हुई है, ऐसे में सरकार को जगाना होगा।




कहा कि सरकार अपने माननीय विधायकगण,सांसदगण,विधान परिषद के सदस्यगण को तीन-तीन,चार-चार पुरानी पेंशन दे रही है। वहीं कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार अपनाते हुए पुरानी पेंशन से वंचित कर रही है। जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। धरने को मुख्य रूप से हेमंत सिंह, योगेंद्र नाथ पांडेय, मलय कुमार पांडेय, अशोक सिंह, सतीश चंद्र वर्मा, जावेद अख्तर, शैलेंद्र पांडेय, विनोद सिंह,अविनाश उपाध्याय, अवधेश सिंह, अजय सिंह, राजेश पांडेय, चंद्रशेखर यादव आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता अरुण कुमार सिंह एवं संचालन विवेक सिंह ने किया।