Breaking News

नौजवान, पिछड़ा वर्ग, दलित विरोधी, उत्पीड़न करने वाली भाजपा सरकार की जलेगी लंका : शिवपाल यादव



मधुसूदन सिंह 

 बलिया।। सपा वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने अपरोक्ष रूप से भाजपा राज को रावण राज कहते हुए इसकी लंका को जलाने की बड़ी बात कही है। यही नहीं भाजपा राज में सपा कार्यकर्ताओ के उत्पीड़न को रावण राज के उत्पीड़न से तुलना करते हुए कहा कि अगर यह नहीं रुका तो लंका तो जलेगी ही। कहा कि हम भगवान राम व कृष्ण के अनुवायी है उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका विरोध करने के लिये जोरदार संघर्ष करेंगे।







 कहा कि सभी समाजवादी लोगों को एक मंच पर लाने की कवायद चल रही है।उपरोक्त बाते पूर्व मंत्री और विधायक शिवपाल यादव ने बुधवार को बलिया में पत्रकारों से बातचीत में कही।  कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न अब सपा बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ जेल भरो आंदोलन तक किया जाएगा। भाजपा सरकार को उखाड़ फेकने के लिये समाजवादी विचारधारा के समान दलों और लोगों को जोड़ने  के साथ-साथ संगठन के विस्तार का काम भी शुरू हो गया है।








भ्रष्टाचार का बोलबाला 

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर टिप्पणी करने से बचते हुए शिवपाल ने कहा कि सपा का उद्देश्य भाजपा को हराना है। भारत जोड़ो यात्रा को हमारी शुभकामना है। पूर्व मंत्री ने ओमप्रकाश राजभर (सुभासपा) के साथ भविष्य के गठबंधन और बसपा के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव लड़ने की बात पर कहा कि समय आने पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के तेलंगाना दौरे पर भी शिवपाल सीधे-सीधे कुछ कहने से बचते बचते रहे। शिवपाल ने कहा कि भाजपा के राज में थाने से लेकर तहसील तक चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। ईडी व सीबीआई से डरने के सवाल पर कहा कि समाजवादी इससे डरते नहीं है।


नौजवान, दलित, पिछड़ा वर्ग विरोधी है बीजेपी सरकार 

शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि यह सरकार पिछड़ा और दलित विरोधी है। ऐसी सरकार को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में सपा के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनाने का आह्वान किया।

शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में यह सरकार जितने दिन भी रहेगी उतने दिन तक बुनकर, नौजवान, गरीब मजदूर और  किसान परेशान रहेंगे। कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों की वजह से देश प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई इस कदर बढ़ी है कि नौजवान और गरीब तबका आत्महत्या कर रहा है। भाजपा सरकार के कारण आने वाली पीढ़ियों का भी भविष्य अंधकारमय है। कहा कि भाजपा को 2024 लोकसभा में हराना है, तभी 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो पाएगा।