Breaking News

सड़क निर्माण का धन आहरित होने के बाद भी 4 वर्षो से नहीं बनी सड़क, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क



अभयेश मिश्र 

बिल्थरारोड़ बलिया।।  लगभग चार वर्ष पूर्व सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति हुए धन का पैसा आहरण के बाद सड़क बनाने के नाम पर बोल्डर गिरा कर छोड़ देने और निर्माण नहीं करने के कारण क्षेत्र के किशोरगंज- चन्दाडीह  मार्ग से महेन्दुआ गांव को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह गढ्ढे में तब्दील हो गयी है। सड़क नहीं बनने से जगह जगह गड्ढे बन गये है और इनमे जलभराव के कारण पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गयी है।  जिससे उस रास्ते से होकर जाने वाले राहगीरों और दो पहिया वाहन चालकों को दुष्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक गिर कर चोटिल हो चुके है।  जिससे लोगो को जलालत झेलनी पड़ रही है।



क्षेत्रीय लोगो द्वारा बार बार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को पत्रक देने के बाद भी  ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है। महेन्दुआ  गांव निवासी मृत्युंजय सिंह के अनुसार इस सड़क पर वर्ष 2018 में ही धन स्वीकृत  हो गया। सम्बंधित ठीकेदार द्वारा सड़क पर बोल्डर गिराकर छोड़ दिया गया। किंतु 4 वर्ष बाद भी आज तक इस सड़क का निर्माण कार्य चालू नही हुआ है। कई बार सम्बंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया किन्तु आज तक इस सड़क का निर्माण कार्य चालू नही हुआ है, जिसके चलते यह सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है।







सड़क पर गड्ढे हों जाने से बारिश का पानी सड़क पर भरने से सबसे अधिक समस्या स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को हो रही है।  जिससे मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। और दुर्गंध के चलते  आना जाना भी दूभर हो गया है।  संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका प्रबल हो गयी है। क्षेत्रीय लोगो ने समाचार के माध्यम से जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तुरन्त बनवाने का मांग किया है।