Breaking News

मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन कराएगी अन्नपूर्णा कैंटीन





 वातानुकूलित भवन में रोजाना 5000 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा निःशुल्क भोजन, भोजनालय का संचालन मंगलमय परिवार न्यास करेगा

वृंदावन मथुरा।। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर धार्मिक नगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ भी किया। सीएम योगी के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से करीब 15 मिनट देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री का हेलीपेड पर संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही समेत सभी स्थानीय विधायको व प्रशासनिक अधिकारियों ने आगवानी की।



 इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला अन्नपूर्णा भवन पहुंचा। जहां संतो के सान्निध्य में श्री जी की रसोई योजना का लोकार्पण किया। श्री जी की रसोई में संतो को भोजन भी परोसा और उनके साथ व्रत का फलाहारी प्रसाद भी ग्रहण  किया। इस रसोई घर का संचालन मंगलमय न्यास द्वारा किया जाएगा। जिसमे प्रतिदिन करीब पांच हजार लोगो को भोजन कराया जायेगा।

तदोपरांत सीएम योगी ने टूरिस्ट फेसिलिटी सेंटर में 25 बैटरी चालित बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टीएफसी में स्थानीय संत महंतो से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ भी किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में श्री योगी ने कहा कि आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है। हमारा सौभाग्य है कि ब्रज भूमि पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के साथ अन्नपूर्णा रसोई के शुभारंभ के साथ जुड़ने का सौभाग्य मिला। भगवान श्रीकृष्ण का आज जन्मोत्सव है। संत विजय कौशल ने अन्नपूर्णा भोजनालय के बारे में बताया तो मैंने कहाकि मैं जरूर आएंगा। काशी में विश्वनाथ धाम में सावन में एक करोड़ श्रद्धालु एक माह में गए थे।  वृंदावन, बरसाना, गोकुल राधाकुंड के समग्र विकास के लिए सरकार प्रयास कर रही है। बांके बिहारी की कृपा सब पर बनी रहे। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की सब को शुभकामनाएं। वृंदावन बिहारी लाल व भारत माता के जयकारे के साथ संबोधन खत्म किया।





 अन्नपूर्णा भोजनालय 
कान्हा की नगरी मथुरा- वृंदावन धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को जन्माष्टमी के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार  बड़ा तोहफा दिया है। सरकार द्वारा तीर्थ यात्रियों को अब निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को सुबह और शाम दोनों समय निःशुल्क पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए मथुरा- वृंदावन मार्ग पर जयपुर मंदिर के सामने दो मंजिला अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया है। इस भवन का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को किया । 

5 हजार लोगों को प्रतिदिन निःशुल्क भोजन 
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा निर्मित अन्नपूर्णा भवन का निर्माण करीब 4.89 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। यह 2 मंजिला अन्नपूर्णा भवन करीब 2300 स्क्वायर मीटर में बनाया गया है। इसमें दो भोजनालय बनाए गए हैं। एक भूतल पर और एक प्रथम तल पर। दोनों ही भोजनालय वातानुकूलित बनाए गए हैं। दोनों भोजनालय में एक बार में दो-दो सौ लोग भोजन कर सकते हैं। इस भोजनालय में करीब 5000 लोगों को प्रतिदिन निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था की गई है। अन्नपूर्णा भवन में लिफ्ट की सुविधा भी रहेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस रसोई घर 
वहीं, भोजन बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त रसोई घर का निर्माण किया गया है। जिसमें स्टेनलेस स्टील की दो रोटी मेकिंग मशीन, जिनकी क्षमता 500 से 700 रोटी प्रति घंटा बनाने की है। इसके अलावा, दो आटा गूंथने की मशीनें, दो लोई बनाने की मशीनें, एक आलू छीलने की मशीन एक सब्जी काटने की मशीन मसाला पीसने के लिए ग्राइंडर और खाना परोसने के लिए दो हजार बर्तन की सेट उपलब्ध है। 

हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत 
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में रोजाना हजारों श्रद्धालु आते हैं और भगवान की भक्ति के लिए हजारों साधु संत यहां प्रवास करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं को सुबह और शाम निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।  

मंगलमय परिवार न्यास करेगा संचालन 
इस भोजनालय का संचालन मंगलमय परिवार न्यास करेगा। मंगलमय ट्रस्ट की प्रतिनिधि मोहित व्यास ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं के लिए सुपाच्य और निःशुल्क भरपेट भोजन की व्यवस्था होगी। यहां हर दिन करीब 5000 को भोजन कर सकेंगे।