Breaking News

सीएचसी सीयर में लगी आरओ मशीन पर कब होगी जिला प्रशासन की नजरें इनायत,उद्घाटन की बांट जोह रही है मशीन



मधुसूदन सिंह

बलिया ।। बिल्थरारोड की सीएचसी सीयर में मरीजों की प्यास बुझाने के लिए लगी आरो मशीन सफेद हाथी साबित हो रही हैं। अस्पताल में पूर्व विधायक की निधि से लगी आरो मशीन अपने उद्घाटन की बांट जोह रहा है।



क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इस गर्मी में बीमारी से बचने के लिए जहां चिकित्सक लोगों को अधिक से अधिक पानी सेवन की सलाह दे रहे हैं, वहीं नगर में लगे आरओ राहगीरों को मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे हैं। चुनाव के ऐन मौके पर पूर्व भाजपा विधायक धन्नजय कन्नौजिया द्वारा नगर में रेलवे चौराहा व सीएचसी सीयर में आरो मशीन का शिलान्यास किया गया। परन्तु चुनाव बीतने के बाद भी उक्त आरो मशीन का पानी लोगों को नसीब नहीं हुआ। अलबत्ता मीडिया में इस सम्बन्ध में समाचार छपने के बाद तहसील गेट पर लगा आरो को चालू तो कर दिया गया परन्तु सीएचसी सीयर में विधायक निधि द्वारा स्थापित आरो मशीन में सिर्फ टोटी लगाकर छोड़ दिया गया। 






आरो मशीन में टोटी लगने से मरीजों के साथ ही अस्पताल के लोगों में भी यह आश जगी थी कि अब उन्हें आरो का ठंडा पानी सेवन करने को मिलेगा। परन्तु आरो मशीन तो शुरू नहीं हो सकी  अलबत्ता उसकी चार टोकियों में से एक टोटी अवश्य गायब हो गई। सोमवार को भी अस्पताल पहुंचे कई मरीज व महिलाएं जब अपने साथ लाई बोतलों में पानी भरने पहुंची तो उन्हें निराशा ही हाथ लगी। भीषण गर्मी में आरो से पानी नहीं मिलने पर उन महिलाये जनप्रतिनिधियों को कोसते हुए वहां से चली गईं। 

लोगों का कहना है कि सरकार लोगों को चाहे कोई भी सुविधा मुहैया करा दे, परन्तु लोगों को उसका लाभ तभी मिलेगा जब लोकल प्रशासन इसके प्रति ईमानदार हो। देखना है उक्त आरो मशीन पर शासन प्रशासन कब मेहरबान होती है तथा लोगों को इसका पानी नसीब होता है। यह तो आने वाला कल ही बताएगा।