Breaking News

दो साल बाद ईदगाह में उमड़ी नमाजियों की भीड़,अकीदत के साथ अदा की गई ईद की नमाज

 


संतोष द्विवेदी

नगरा बलिया ।। नगर पंचायत नगरा सहित ग्रामीण इलाकों में करीब दो साल बाद ईदगाह में मंगलवार को बड़ी अकीदत के साथ ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। पचफेडवा स्थित ईदगाह पर मुस्लिम बन्धुओं ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क की सलामती एवं खुशहाली की दुआ की। इसके बाद तमाम हिन्दू भाइयों से गले मिलकर आपसी भाई-चारे की नजीर पेश की। प्रशासन की तरफ से कड़ी सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे।





                    प्रेम व भाईचारा का प्रतीक ईद उल फितर की नमाज तमाम नमाजियों एवं रोजेदारों ने सवा सात बजे नगरा स्थित ईदगाह पर अदा की इसके बाद मुल्क की खुशहाली, समृद्धि एवं सलामती की दुआ की। नमाजियों को संबोधित करते हुए नगरा जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अशद ने कहा कि खुदा पाक की यह बहुत बड़ी मेहरबानी है कि उसने हम सब को रमजान के रोजे रखने और तरावीह पढऩे की तौफीक दी। उन्होंने मुल्क की जान माल, इज्जत व आबरू की सुरक्षा और प्रगति, सुख एवं समृद्धि के लिए विशेष दुआएं की। नमाज अदा करने के बाद सभी मुस्लिम बन्धु एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी वहीं हिन्दू भाइयों से भी गर्मजोशी से मिले। 




पूर्व प्रमुख अनिल सिंह, पूर्व आयकर आयुक्त सुबचन राम, पूर्व प्रधान काशीनाथ जायसवाल, रिजवान अहमद, डीएन प्रजापति, एडवोकेट शफीक अहमद, समाजसेवी इश्तेयाक अहमद, प्रबन्धक मो युनूस, मो इमरान, इम्तियाज अहमद, नफीस अहमद, अवैस असगर, मौला बख्स, आफरीदी, मो आलम सहित सैकड़ों लोग इस अवसर पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी रसड़ा शिव नारायण वैंस, थानाध्यक्ष नगरा देवेन्द्र नाथ दुबे दल बल के साथ तैनात रहे। इसके अलावा खनवर, डिहवा, नरही, जमीन पड़सरा, ताड़ीबड़ा गांव, गोठवां सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सकुशल ईद की नमाज अदा की गई।