Breaking News

अच्छी खबर : नोएडा में 19 पुलिसकर्मियों को कोरोना का संक्रमण ,पर 13 ठीक होकर घर को लौटे




ए कुमार
नोयडा ।। नोएडा पुलिस के 19 कर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से 13 पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं और अपने घर में क्वॉरेंटाइन हैं। अभी छह पुलिसकर्मियों का इलाज अस्पतालों में किया जा रहा है। बुधवार को कोविड-19 के नोडल पुलिस ऑफिसर की ओर से यह जानकारी साझा की गई है।

कोरोना संक्रमण के कारण व्याप्त महामारी के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने शानदार काम किया है। पिछले 3 महीनों के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे देहात क्षेत्र में पुलिस दिन-रात मुस्तैदी के साथ जुटी रही। लॉकडाउन का पालन करवाया गया। लॉकडाउन के दौरान लोगों को मदद पहुंचाई गई। लॉकडाउन में फंसे लाखों लोगों को पुलिस ने उनके घर भिजवाया है। कई मामलों में तो बैंगलोर, हरदोई और उत्तराखंड के जिलों में दवाएं पहुंचाई हैं। ऐसे में पुलिस के कर्मचारियों का कोरोना वायरस की चपेट में आना स्वभाविक है।

पुलिस कर्मियों ने संक्रमित लोगों को अस्पतालों में पहुंचाने और कंटेनमेंट जोन में रोकथाम के लिए भी काम किया है। कोविड-19 के नोडल पुलिस ऑफिसर ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 19 पुलिसकर्मी वायरस की चपेट में आए हैं। इनमें से 13 पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर अस्पतालों से छुट्टी ले चुके हैं। वह अपने घरों में क्वॉरेंटाइन हैं। हालांकि, कुछ पुलिसकर्मी क्वॉरेंटाइन पीरियड पूरा करके ड्यूटी पर वापस भी लौट आए हैं। अभी छह पुलिसकर्मियों का कोविड-19 अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।